Haldwani News: टैंकर चालकों की हड़ताल से सूखा गला, कई क्षेत्र टैंकर पर निर्भर, 200 घरों को नहीं मिला पानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक तरफ जहां शहर के कई क्षेत्रों से पानी को लेकर शिकायतें आते रहती हैं। इन समस्याग्रस्त क्षेत्रों में जल संस्थान टैंकरों से पानी की आपूर्ति की बात करता है लेकिन शनिवार को जल संस्थान के टैंकर चालकों के हड़ताल पर जाने से कई क्षेत्रों में लोग पानी को तरस गए। 

जल संस्थान के 10 टैंकर चालक शनिवार को शुक्रवार को हुई घटना के विरोध में हड़ताल पर चले गए। वार्ड नं. 59 के चौधरी कॉलोनी, आम का बगीचा, जोशी विहार, गणपति विहार के 200 घरों में बीते कई माह से पानी नहीं आ रहा है। 

यह भी पढे़ं- खबर का असर... हल्द्वानी: सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग पर छापेमारी, उपकरण जब्त 

यहां विभाग टैंकर भेजता है लेकिन शनिवार को टैंकर नहीं पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने जल संस्थान के जेई को फोन किया तो उन्होंने टैंकर चालकों के हड़ताल पर जाने की बात बताई। इसके साथ ही राजपुरा, बनभूलपुरा, गौजाजाली, इंदिरानगर सहित शहर के कई क्षेत्र पानी के लिए टैंकर पर निर्भर रहते हैं। टैंकर चालकों के हड़ताल पर चले जाने से शनिवार को इन क्षेत्रों के लोगों को पानी उपलब्ध नहीं हो पाया।

वर्तमान में रोजाना लगभग 20-22 टैंकरों से समस्याग्रस्त क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जाती है। लेकिन शनिवार को 10 टैंकरों के चालक नहीं आए जिसमें 5 विभागीय और 5 प्राइवेट टैंकर हैं। सहायक अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को विभाग के फील्ड कर्मचारी फिटर पूरन सिंह को धीरू नामक व्यक्ति ने पत्थर से सिर पर वार कर घायल कर दिया था। पूरन सिंह राजपुरा इंटर कॉलेज के पास लाइन ठीक करने का काम कर रहे थे। 

रवींद्र कुमार ने बताया कि इस घटना के विरोध में 10 टैंकर चालक शनिवार को काम पर नहीं आए। विभाग की तरफ से विभागीय टैंकरों के साथ ही किराए पर लिए गए प्राइवेट टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि शनिवार को 9 टैंकरों से पानी की आपूर्ति की गई। बताया कि शुक्रवार को हुई घटना में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और सभी टैंकर चालक रविवार को काम पर वापस लौटेंगे।

यह भी पढ़ें- हल्द्वानी: 24 नाली भूमि का करार हुआ, गांव वालों की जमी पर कब्जा कर बना दिया रिसोर्ट

संबंधित समाचार