हल्द्वानी: फॉरेंसिक टीम ने अंकित की कार से लिए सैंपल
हल्द्वानी, अमृत विचार। होटल कारोबारी अंकित चौहान की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है। कभी एसी से निकली गैस तो कभी सर्पदंश से मौत होने की आशंकाएं जताई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने कार से सैंपल लिए और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। इधर, अंकित की मां पहुंचने के बाद उसका नम आंखों से अंतिम संस्कार किया गया।
कारोबारी अंकित चौहान (30 वर्ष) पुत्र स्व. धर्मपाल सिंह चौहान निवासी रामबाग कॉलोनी बीते शनिवार को तीनपानी रेलवे फाटक के समीप हाईवे किनारे खड़ी अपनी ही कार में संदिग्ध हालातों में मृत पाया गया था। उसकी कार स्टार्ट थी और एसी चल रहा था।
पुलिस ने आशंका जताई थी कि पूरी रात कार स्टार्ट होने पर एसी चलने से ऑक्सीजन की कमी हो गई होगी और कॉर्बन डाइ ऑक्साइड गैस की अधिकता होने की वजह से मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तब उसके पैरों पर सर्पदंश के निशान दिखाई दिए।
फिर आशंका जताई गई कि सर्पदंश से मौत हुई होगी हालांकि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। इधर, रविवार को फॉरेंसिक टीम ने मृतक की कार से सैंपल लिए और घटना स्थल का भी निरीक्षण किया। वहीं पुलिस ने मृतक के घर व घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें - हल्द्वानी: निर्धारित लक्ष्य के 3 माह बाद भी चौसला पेयजल योजना नहीं हुई पूरी
