काशीपुर: मारपीट कर इंस्टाग्राम पर वीडियो वायरल करने का आरोप
तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
काशीपुर, अमृत विचार। मारपीट कर एक बुजुर्ग का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने का एक मामला प्रकाश में आया है। मामले में पीड़ित के बेटे ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गुलजारपुर निवासी एक व्यक्ति ने कुंडेश्वरी चौकी पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 18 जुलाई 2023 को उसके पिता सर्वजीत सिंह किसी काम से जगतपुर गए थे। जहां जगतपुर निवासी कुलदीप सिंह, कृपाल सिंह व बलविंदर सिंह ने उसके पिता को शराब की भट्टी पर ले जाकर शराब पिलाई। इसके बाद उसके पिता की नग्न करके वीडियो बनाई और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर वीडियो वायरल कर दी।
बताया कि जब उसे अपने पिता की वीडियो इंस्टाग्राम पर मिली तो वह अपने पिता को देखने जगतपुर चला गया। जहां पता चला कि आरोपियों ने उसके पिता के हाथ पैर बांधकर मारपीट भी की थी। साथ ही आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
