बदायूं: वजीरगंज क्षेत्र में दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत
बदायूं, अमृत विचार। जिले के बिसौली रेंज क्षेत्र के गांव मुड़िया सतासी क्षेत्र में धान के खेत में तेंदुआ घूमता देखा गया है। ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दी। ग्रामीण खेत पर जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों में दहशत बनी है। शनिवार को देर शाम वन विभाग ने जानकारी न होने की बात कही जबकि रविवार को वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पदचिह्न के आधार पर तेंदुआ की तलाश की जा रही है।
शनिवार देर शाम एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें एक तेंदुआ धान के खेत में घूम रहा है। कच्ची सड़क पार करता हुआ दूसरे खेत में गया। वीडियो वन विभाग के अधिकारियों को भेजा तो उन्होंने जानकारी होने से इंकार कर दिया। वीडियो तहसील बिसौली क्षेत्र के कस्बा वजीरगंज के पास का गांव मुड़िया सतासी का है।
रविवार की सुबह वन विभाग की टीम पहुंची। बिसौली रेंजर मनोज पाल सिंह कर्मचारियों के साथ खेतों में गए। खेतों में कैमरे लगाने की तैयारी की। ग्रामीणों से अलर्ट रहने और अकेले खेत पर न जाने का आह्वान किया गया है। डीएफओ अशोक कुमार ने बताया कि वीडियो मिली थी। अभी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि तेंदुआ, शेर है या कोई और जंगली जानवर। क्षेत्र में पांच सदस्यीय टीम भेजी गई है। जानवर को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
ये भी पढे़ं- पुलिस की अंतरजनपदीय प्रतियोगिता में 45-17 प्वाइंट से विजेता बना बदायूं
