महंत नृत्य गोपाल दास कोरोना से जंग जीतकर पहुंचे अयोध्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या,अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास ने कोरोना महामारी से जंग जीत ली है। संक्रमण से उबरने के बाद नृत्य गोपालदास अब अयोध्या पहुंच गए हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एयर एंबुलेंस से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे। जिलाधिकारी अनुज झा के साथ यहां राम वल्लभा कुंज के अधिकारी …

अयोध्या,अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास ने कोरोना महामारी से जंग जीत ली है। संक्रमण से उबरने के बाद नृत्य गोपालदास अब अयोध्या पहुंच गए हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष एयर एंबुलेंस से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे।

जिलाधिकारी अनुज झा के साथ यहां राम वल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास, हनुमानगढ़ी के महंत रामदास और अयोध्या के अन्य साधु-संतों ने एयरपोर्ट पर महंत का स्वागत किया।

अयोध्या के जिलाधिकारी अनुज झा ने बताया कि, महंत नृत्य गोपालदास स्वस्थ होकर अयोध्या लौटे हैं और उन्हें अपने आश्रम मणिराम छावनी में भी अभी कुछ दिन और आइसोलेट रखा जायेगा। स्वास्थ्य विभाग उनका विशेष ख्याल रखेगा।

उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने ट्वीट के माध्यम से लिखा कि, “श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष परमपूज्य श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज के स्वस्थ होकर अयोध्या पहुंचने का सुखद समाचार मिला है। हम सभी राम भक्तों की प्रभु से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों और सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें। ”

91 वर्षीय नृत्यगोपाल दास के डिस्चार्ज होने से पहले सभी तरह की जांच एक बार फिर पूरी तसल्ली से की गई हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित होने पर 13 अगस्त से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अयक्ष महंत नृत्यगोपाल दास बिल्कुल ठीक हैं। वह अपने दो शिष्यों के साथ मेदांता अस्पताल में भर्ती थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नृत्यगोपाल दास को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के लिए भिजवाया था। जहां अब उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है।

बता दें कि राम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आज राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र भी अयोध्या दौरे पर हैं। नृपेंद्र मिश्र कल महंत नृत्य गोपालदास से मुलाकात भी कर सकते हैं। राम मंदिर निर्माण का काउंटडाउन शुरू हो चुका है अब किसी भी दिन एलएनटी अपने इंजीनियरों के साथ नींव की खुदाई का काम शुरू कर सकता है।

संबंधित समाचार