हल्द्वानी: बहू से तंग आ चुके 80 साल के ससुर ने पुलिस को लिखा मार्मिक पत्र
ससुर को देती है गला काटने और फंसा देने की धमकियां
हल्द्वानी, अमृत विचार। बूढ़ा ससुर अपनी नई-नवेली बहू की हरकतों से इतना तंग गया कि उसे पुलिस की शरण में जाना पड़ गया। 80 साल के ससुर ने पुलिस को बड़ा ही मार्मिक पत्र लिखा और छोटे बेटे व उसकी पत्नी से जान छुड़ाने की गुहार लगाई। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में अमरावती कालोनी तल्ली बमौरी निवासी दुर्गादत्त जोशी ने कहा, इसी वर्ष फरवरी में छोटे बेटे ने अपनी मर्जी से शादी की और बहू को घर लाया, लेकिन बहू ने उनका और उनकी बीमार पत्नी का जीना दुश्वार कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने लिखा, बीती 23 अप्रैल को वह पत्नी संग मंदिर गए थे और घर में छोटी बहू थी।
वह लौटे तो घर से लाखों के जेवर गायब थे। पूछने पर बहू ने उन्हीं पर चोरी का इल्जाम लगा दिया। बहू की गालियां प्रताड़ित और अपमानित महसूस करा रही है। वो गला काट देने की धमकी देती है और कहती है तुम सबको फंसा दूंगी। उसने जेठ पर हाथ उठाया। उसके खौफ से बेटी और नातिनों ने घर आना बंद कर दिया।
उन्होंने लिखा, उनका और उनकी बीमार पत्नी का जीवन यापन मकान से मिले किराए से होता है, लेकिन इन पैसों पर भी बहू ने अपना अधिकार जमाना शुरू कर दिया है। वो हमें खाना नहीं देती और मैं जो खाने के लिए घर लाता हूं वो भी मुझसे और मेरी बीवी से छीन लेती है। बहू ने दो-तीन बार मेरी बीमार पत्नी पर हाथ उठाया। उन्होंने पुलिस से हाथ जोड़कर निवेदन है कि बहू और बेटे पर सख्त कार्यवाही की जाए और दोनों को घर से दूर किया जाए।
