काशीपुर: घनी आबादी के बीच मृत मिला तेंदुए का शावक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। शहर के बीचों बीच घनी आबादी में तेंदुए के एक शावक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। शावक की मौत करंट की चपेट में आने या फिर पोल से टकराने के चलते होने की संभावना जताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रामनगर भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही शावक की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

बता दें कि जसपुर खुर्द में पिछले काफी समय से तेंदुए देखे जा रहे हैं। शनिवार सुबह होलीडे आनंद होटल के ठीक पीछे लगे ट्रांसफार्मर के नीचे तेंदुए के शावक का शव पड़ा मिला। वहीं तेंदुए के शावक की खाल के बाल ट्रांसफार्मर के ऊपर चिपके मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ का शावक उछल कूद करते हुए ट्रांसफार्मर पर चढ़ा होगा और उसे करंट लग गया होगा।

वहीं शावक का सिर में लगने से भी मौत की आशंका जताई जा रही है। काशीपुर वन क्षेत्र अधिकारी कार्यालय के उपवन क्षेत्र अधिकारी रमेश चंद्र ने मौके पर पहुंचकर बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि जहां तेंदुए के शावक का शव पड़ा था। वहां पर हाईटेंशन लाइन जा रही है और उसका ट्रांसफार्मर भी वही रखा हुआ है।

तेंदुए के शावक के द्वारा उछल कूद करने के कारण हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया होगा जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद ही शावक की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही रात में झुंड में ही निकालने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा भी लगा रखा है।

यह भी पढ़ें: रुद्रपुर: ऑटो लिफ्टर का आंतक, बाइक और ट्रक चुराकर दी चुनौती
 

संबंधित समाचार