रुद्रपुर: मध्य प्रदेश पुलिस का फर्जी सिपाही गिरफ्तार, रिपोर्ट दर्ज
रुद्रपुर, अमृत विचार। रंपुरा चौकी इलाके में मध्य प्रदेश की वर्दी पहनकर रौब दिखाना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। पुलिस ने मौके से वर्दी व एमपी पुलिस का बैच सहित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
जानकारी के अनुसार रंपुरा चौकी प्रभारी केसी आर्या ने बताया कि बुधवार की देर रात पुलिस टीम खेड़ा बस्ती में गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि खेड़ा बस्ती स्थित साईं मंदिर के समीप एक व्यक्ति मध्य प्रदेश पुलिस की वर्दी पहनकर आने जाने वाले लोगों को रौब दिखाकर पैसा ऐंठने का प्रयास कर रहा है।
सूचना मिलते ही जब पुलिस ने बताए स्थान पर दबिश दी तो एक व्यक्ति हाथ में थैला लेकर वापस आता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को रोका और उसके थैले की तलाशी ली तो उसमें मध्य प्रदेश पुलिस की वर्दी, एमपी पुलिस का बैच, टोपी व एएस ठाकुर लिखी नेम प्लेट बरामद की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आनंद रजक मूल निवासी ग्राम परसोरिया सानौधा जिला सागर एमपी व हाल निवासी खेड़ा वार्ड 19 बताया। बताया कि उसने यह वर्दी बाजार से खरीदी थी और वर्दी का रौब दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठता था। उधर चौकी प्रभारी केसी आर्या ने बताया कि पूछताछ और पड़ताल के दौरान आरोपी ने बताया कि वह मध्य प्रदेश पुलिस में तैनात नहीं है और न ही एमपी पुलिस से उसका कोई लेना देना है। महज वह लोगों को वर्दी का रौब दिखाकर ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
