हल्द्वानी: भारी मात्रा में सिल्ट आने से फिल्टर प्लांट से 4:30 घंटे ठप रही जलापूर्ति
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौला बैराज में सिल्ट आने से शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट से शुक्रवार को 4:30 घंटे पानी की आपूर्ति ठप रही। इस कारण शहर के अधिकांश क्षेत्र प्रभावित रहे। जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता सतीष बिष्ट ने बताया कि सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक सिल्ट की सफाई के कारण गौला बैराज से जल संस्थान को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई।
फिल्टर प्लांट बंद होने के कारण काठगोदाम, नैनीताल रोड, रामपुर रोड, बरेली रोड सबसे अधिक प्रभावित रहे। इस दौरान टैंकरों से पानी की आपूर्ति की गई। वहीं दूसरी तरफ गौला बैराज के इंचार्ज नीरज तिवारी ने बताया कि गुरुवार रात हुइ बारिश के कारण भारी मात्रा में सिल्ट आई इस कारण बैराज में सफाई की गई। जिससे पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। उन्होंने बताया कि बरसात में बैराज में भारी मात्रा में सिल्ट आ रही है। इस कारण बैराज की सफाई के लिए जल संस्थान को होने वाली जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।
