खटीमा में तार से बंधे मिले 10 गो वंशीय पशु, दो की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। क्षेत्र के ग्राम श्रीपुर बिचवा उईन में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 10 गो वंशीय पशुओं के पांव लोहे की तार बांधकर उन्हें मरने के लिए छोड़ दिया गया। जिनमें से दो पशुओं की इलाज से पहले ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के गो रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के साथ अनेक लोग ने मौके पर पहुंचे और पशु अस्पताल की टीम को बुलाकर 8 गो वंशीय पशुओं पैर में बंधे लोहे के तार को काटकर मुक्त कराया गया।

पशु अस्पताल की टीम ने घायल पशुओं का इलाज कराया। आक्रोशित लोगों ने एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट को ज्ञापन सौंपकर तत्काल पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
 

बजरंग दल के जिला संयोजक हिमांशु कन्याल, विश्व हिंदू परिषद के गो रक्षा प्रमुख प्रेम राजपूत के अनुसार श्रीपुर बिचवा उईन में गो वंशीय पशुओं के पांव लोहे के तार से बांधकर उन्हें मरने के लिए छोड़ने की सूचना मिली। इस पर लोग वहां पहुंचे और बेजुबान पशुओं के पांव में बंधे लोहे के तार को काटा गया।

इस मामले में झनकट के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एमसी मलिक ने इलाज के बाद एसडीएम रवींद्र बिष्ट को रिपोर्ट सौंप दी है। डॉ. मलिक के अनुसार भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री संतोष चंद ने फोन पर इस संबंध में अवगत कराया था। उन्होंने बताया इनमें से 2 पशुओं की मौत हो चुकी है।

जबकि अन्य पशुओं के पैरों में गहरे जख्त हो गए हैं। जिनका उपचार किया जा रहा है। आक्रोशित लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम को ज्ञापन देने वालों में आईडी पांडेय, हीरा चंद, गोविंद टम्टा व गुड्डू समेत अनेक लोग शामिल रहे।

संबंधित समाचार