काशीपुर: पूर्व विधायक पुत्र सहित अन्य समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
फैक्ट्री गेट पर हंगामा करने तथा गाली गलौज और अभद्रता करने के मामले में महाप्रबंधक ने दर्ज कराया केस
काशीपुर, अमृत विचार। एक फैक्ट्री के गेट पर हंगामा करने के आरोप में पूर्व विधायक पुत्र सहित अन्य के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। फैक्ट्री के एचआर महाप्रबंधक ने पूर्व विधायक पुत्र व अन्य लोगों पर फैक्ट्री के अधिकारियों के साथ गाली गलौज और अभद्रता करने का आरोप भी लगाया है। मामले में उन्होंने पुलिस को तहरीर सौंपी थी।
मुरादाबाद रोड स्थित फैक्ट्री के एचआर महाप्रबंधक ने कुंडा थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 03 सितंबर को शाम करीब 05:00 बजे उनकी फैक्ट्री में एक ठेकेदार के अंडर में काम करने वाला श्रमिक फैक्ट्री में काम करते समय बेहोश होकर गिर गया। जिसे सरकारी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री के गेट पर हंगामा किया।
जिसमें रात करीब 10:45 बजे ठाकुरद्वारा के पूर्व विधायक के पुत्र अजय यादव अपने 2-3 समर्थकों ठाकुरद्वारा निवासी महेन्द्र सिंह, रोहित कुमार व प्रदीप पाल एक कार से आए और फैक्ट्री के कोऑर्डिनेटिंग आफिसर व अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने धक्का मुक्की करते हुए फैक्ट्री को गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी भी दी। जिससे वहां अफरातफरी का माहौल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने बमुश्किल मामला शांत कराया, अन्यथा वहां पर कुछ गंभीर घटना होने की संभावना थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना को लेकर नाराज परिजनों ने किया था हंगामा
काशीपुर। रविवार को मुरादाबाद रोड स्थित एक फैक्ट्री में एक श्रमिक की संदिग्ध मौत हो गई थी। जिसको लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने पूर्व विधायक पुत्र व उनके समर्थकों के साथ फैक्ट्री गेट पर हंगामा करना शुरू कर दिया और फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही व घटना की सूचना देरी से देने का आरोप लगाया। जिससे फैक्ट्री में कई घंटे अफरा तफरी का माहौल रहा। वही आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास भी किया। लेकिन पुलिस की मुस्तैदी दिखाते हुए जाम नहीं लगने दिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों की फैक्ट्री के अधिकारियों व कर्मचारियों से तीखी बहस भी हुई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। बाद में फैक्ट्री द्वारा मुआवजा देने पर वह लोग माने और वहां से चले गए।
श्रमिक की मौत के मामले में ठाकुरद्वारा के पूर्व विधायक पुत्र व अन्य समर्थकों के खिलाफ फैक्ट्री गेट पर हंगामा व अभ्रदता करने को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन ने तहरीर सौंपी थी। जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- दिनेश फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक, थाना कुंडा
