ओडिशा कांग्रेस ने विधायक सुरेश राउतराय के पुत्र को किया निलंबित
भुवनेश्वर। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जटानी से विधायक सुरेश चंद्र राउतराय के पुत्र मन्मथ राउतराय को पार्टी से निलंबित कर दिया। ओडिशा कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह सलूजा ने विधायक के पुत्र को अनुशासन के घोर उल्लंघन के कारण निलंबित किया है।
सलूजा ने मन्मथ को लिखे अपने पत्र में कहा, “आपने मीडिया में बयान दिया है कि आप स्वतंत्र हैं और आपका किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है।” प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्य ने पत्र में लिख है कि कांग्रेस सदस्य के रूप में मन्मथ ने कहा है कि वह कांग्रेस से इतफाक नहीं रखते हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बीजू जनता दल (बीजद) कार्यालयों में जाने के लिए स्वतंत्र हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने मन्मथ को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, लेकिन उन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया। सलूजा ने कहा कि पार्टी की अनुशासन समिति ने मन्मथ द्वारा नोटिस को जवाब नहीं देने को अनुशासन का घोर उल्लंघन माना और इसलिए उन्हें पार्टी से निलंबित किया गया है।
ये भी पढ़ें- जी20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली पहुंचने लगे समूह के नेता, हो रहा भव्य स्वागत
