मुरादाबाद: बारिश में आशियाना में धंसी सड़क, जलभराव और कीचड़ में चलना मुश्किल
सीवरेज पाइप लाइन डालने के कार्य ने बिगाड़ी महानगर की सूरत, गड्ढों में भरा पानी, कई वाहन चालक फिसल कर गिरे, रामगंगा विहार, आशियाना, हरथला सहित अन्य मोहल्लों और प्रमुख रास्तों की स्थिति खराब
मुरादाबाद, अमृत विचार। मानसून के फिर सक्रिय होने से भले ही गर्मी से राहत मिली हो, लेकिन महानगर के लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दीं। बारिश में महानगर की सड़कों पर जलभराव और सीवरेज पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गईं सड़कों के गड्ढों में पानी और कीचड़ से राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया। आशियाना कॉलोनी की मुख्य और गलियों में सड़कें धंसने से हादसा होने से बचा। कई दोपहिया वाहन चालक सड़क पर कीचड़ में फिसल कर गिर भी गए।

रामगंगा विहार, आशियाना कॉलोनी में लंबे समय से जल निगम के द्वारा सीवरेज पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा है। इसके चलते खोदाई कर छोड़े गए गड्ढों में शुक्रवार रात और शनिवार को दिन भर हुई बारिश में जलभराव और कीचड़ होने से राहगीरों के लिए मुश्किल हुई। चार पहिया तो किसी तरह निकल गए लेकिन, दोपहिया वाहन चालक फिसल कर गिरकर चोटिल हुए।
आशियाना कॉलोनी फेज एक में मुख्य सड़क धंसने से वाहन चालक उसमें फंसकर गिरने से बचे। सड़क धंसने से मोबाइल कंपनियों के भूमिगत केबल भी दब गए जिससे इंटरनेट सेवा बाधित होने से लोगों को परेशानी हुई। सीवरेज पाइप लाइन डालने के कार्य की सुस्ती से नागरिकों का गुस्सा बढ़ रहा है। जनप्रतिनिधि भी नागरिकों के तेवर देखकर सहमे हैं। लेकिन, कार्यदायी संस्थाओं के ठेकेदार और अधिकारी बेपरवाह बने हुए हैं। जबकि, नगर विधायक रितेश गुप्ता और महापौर विनोद अग्रवाल भी इसको लेकर नाराजगी जताकर काम में तेजी लाने के लिए कह चुके हैं। मगर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
गर्मी से राहत और फसलों को फायदा
मुरादाबाद, अमृत विचार: मानसून ब्रेक के बाद हो रही बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से फौरी राहत मिली है। एक पखवाड़े से धूप और उमस भरी गर्मी से तापमान बढ़ने से लोग बेहाल थे। लेकिन, शुक्रवार की रात अचानक हुई बारिश के बाद शनिवार को भी दिनभर यह क्रम चलता रहा। बारिश से तापमान में कमी आने से गर्मी से राहत मिली। वहीं फसलों के लिए भी इसे फायदा बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: बारिश में सुबह टूटे तार, शाम को सही करने पहुंचे कर्मचारी
