चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी : तेदेपा ने किया 11 सितंबर को राज्यव्यापी बंद का आह्वान
अमरावती। आंध्र प्रदेश में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने सरकारी धन के दुरुपयोग मामले में पार्टी प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। तेदेपा की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के अत्चन्नायडू ने पार्टी कार्यकर्ताओं, लोगों और नागरिक समाज से आंदोलन में भाग लेने और इसे सफल बनाने का अनुरोध किया।
तेलुगू देशम पार्टी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ नारा चंद्रबाबू नायडू की अवैध गिरफ्तारी, पार्टी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार और प्रतिशोध की राजनीति के विरोध में तेलुगू देशम पार्टी ने कल 11 सितंबर, सोमवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। ’’ विजयवाड़ा की एक स्थानीय अदालत ने रविवार को करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार घोटाले में चंद्रबाबू नायडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सीआईडी के दल ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को शनिवार सुबह करीब छह बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के फंक्शन हॉल के बाहर से कौशल विकास निगम घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। नायडू को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह सभी सुविधाओं से लैस अपनी विशेष बस में सो रहे थे।
आंध्र प्रदेश के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के प्रमुख एन. संजय ने शनिवार को कहा था कि नायडू को कौशल विकास निगम में धन के कथित दुरुपयोग से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है, जिससे राज्य सरकार को 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
ये भी पढ़ें - नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की मुलाकात फिर से एक होने का संकेत : जीतनराम मांझी
