अयोध्या : हाईवे निर्माण के बाद रायबरेली रूट हुआ वीआईपी
अयोध्या, अमृत विचार। रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण होने के बाद परिवहन सेवा के लिए अब यह रूट भी वीआईपी हो गया है। परिवहन निगम में अब इस रूट पर लगभग हर घंटे रोडवेज की बस सेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। जिसके लिए विभाग की ओर से इस रूट पर पांच बसों का बेडा लगाया गया है और यह बसें रोजाना अयोध्या से रायबरेली के बीच 10 फेरे लगाएंगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा हासिल होने के बावजूद कुछ माह पूर्व तक रायबरेली रूट की सड़क खस्ताहाल थी। जिसके चलते इस रूट पर डग्गामार और खस्ताहाल बसों तथा अन्य छोटी सवारियों का ही संचालन हो पा रहा था। वह भी अयोध्या से रायबरेली जाने और आने के लिए कई जगह साधन बदलना पड़ता था और किराया भी ज्यादा लगता था। यात्रा सुविधा के लिए ओर से केवल एक अनुबंधित बस का संचालन किया जा रहा था और वह भी केवल एक फेरा ही लगाती थी। रायबरेली हाइवे पर कार्यदायी संस्था की ओर से सड़क और पुल निर्माण का लगभग कार्य पूरा कर लिया गया है। जिसके बाद सड़क का हाल चौकस होने के चलते यात्री सुविधाओं के विकास, राजस्व में बढ़ोत्तरी तथा डग्गामार वाहनों को राष्ट्रीयकृत वाहनों से दूर किये जाने की कवायद के तहत रोडवेज बसों का बेडा इस रुट पर उतारने का निर्णय हुआ है। अयोध्या डिपो की इस योजना को क्षेत्रीय प्रबंधक ने हरी झंडी दे दी है।
आज से संचालित होगा बसों का बेड़ा
रायबरेली हाइवे पर यात्रियों को सुगम परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए परिवहन निगम ने पहले से संचालित एक अनुबंधित बस के अलावा रोडवेज की चार सरकारी बसों को इस रूट पर उतारने का निर्णय लिया है। अनुबंधित बस सुबह छह बजे रायबरेली के लिए रवाना होती है जबकि नए बसों का बेड़ा सुबह सात बजे से शाम तक अयोध्या से रायबरेली का चक्कर लगाएगा। इसमें से दो बसें 492-492 किमी तथा बाकी दो बसें कुल 738 किमी की दूरी तय करेगीं। रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आदित्य प्रकाश का कहना है कि रायबरेली रुट पर पहले से संचालित अनुबंधित बस के अलावा रविवार से चार बसे भी चलेंगी। रोजाना पांच बसें अयोध्या और रायबरेली के बीच 10 फेरें लगाएंगी।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज : प्रेमी से बात करना मामा को गुजरा नागवार, भांजी का काटा गला
