बरेली: 16 घंटे बिजली-पानी को तरसे सुभाषनगर और मढ़ीनाथ वाले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर इलाके में ओवरलोडिंग और लोकल फाल्ट की समस्या दूर करने में कई बार अफसरों को दिए निर्देश भी काम नहीं आ रहे हैं। शनिवार से रविवार सुबह तक सुभाषनगर और मढ़ीनाथ इलाके में 16 घंटे बिजली गुल रहने से लोग बेहाल हो गए।

पूरी रात बिजली न होने से इनवर्टर भी जवाब दे गए। लोगों को रात जागकर काटनी पड़ी। सुबह पानी की किल्लत होने से रोजमर्रा के काम तक करने में दिक्कत हुई। सुबह 10 बजे के बाद बिजली आई तो लोगों ने राहत की सांस ली।

शनिवार सुबह उपकेंद्र पर बिजली गिरने से सुबह 7 से शाम 4 बजे तक बिजली संकट रहा था। कर्मचारियों ने फाल्ट ठीक करके सप्लाई शुरू की लेकिन करीब दो घंटे बाद फिर मढ़ीनाथ और सुभाषनगर में इंसुलेटर पंचर होने और ओवरलोडिंग से आपूर्ति गुल हो गई।

ऐसे में पूरी रात 20 हजार से लोग परेशान होते रहे। बिजली न होने से सुबह पानी की आपूर्ति भी बंद हो गई, इससे मुसीबत और बढ़ गई। इस पर कुछ लोगों ने सुभाषनगर उपकेंद्र पर जाकर हंगामा भी किया। सुभाषनगर और मढ़ीनाथ से सराय तल्फी को आपूर्ति जाती है, इससे वहां भी संकट पैदा हो गया।

ये भी पढ़ें : बरेली: 27 अक्टूबर से विश्वविद्यालय में होगा बृज फिल्म महोत्सव

मुख्य अभियंता तक पहुंचीं शिकायतें तो ठीक हुआ फाल्ट
सुभाषनगर, मढ़ीनाथ और सराय तल्फी में शनिवार रात बिजली गुल होने पर तमाम शिकायतें मुख्य अभियंता राजीव कुमार शर्मा तक पहुंचीं तो उन्होंने टीम भेजकर फाल्ट ठीक कराए।

नकटिया में पेड़ों की छंटाई के लिए तीन घंटे बंद रही आपूर्ति
नकटिया उपकेंद्र को आने वाले बिजली के तारों पर पेड़ों की टहनियां टकराने से बार-बार लाइन ट्रिप हो रही थी। एसडीओ नकटिया अमित कुमार सक्सेना ने बताया कि रविवार सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक शटडाउन लेकर टहनियां छंटवाई गईं। इससे कई इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित रही।

सुभाषनगर में जर्जर लाइन को बदलवाने के लिए जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा। सर्वे करा लिया गया है। शनिवार रात को दिक्कत होने पर सुबह एक अलग टीम को क्षेत्र में लगाकर आपूर्ति शुरू कराई गई। - विकास सिंघल, अधीक्षण अभियंता

ये भी पढे़ं- बरेली: गाजियाबाद जा रहे शख्स की संदिग्ध हालात में मौत, हार्ट अटैक की आशंका

 

संबंधित समाचार