बरेली: अब पैचवर्क नहीं पूरा मार्ग नए सिरे से बनाना पड़ेगा
बरेली, अमृत विचार। बरेली-लखनऊ हाइवे से गौसगंज होते हुए बुखारा-फरीदपुर मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जबकि दिसंबर 2022 में इस सड़क पर 38 लाख रुपये खर्च किए गए थे।
कुछ दिन पहले अफसर इस सड़क के गड्ढे भरने की बात कह रहे थे। अब उनका मानना है कि गड्ढे भरने से काम नहीं चलेगा और नई सड़क की बनानी पड़ेगी। नई सड़क का प्रस्ताव तैयार कर जल्द शासन को भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें : बरेली: डॉ बाबा भीमराव अंबेडकर पार्क में हवन करने का विरोध, भीम आर्मी ने रोका
पिछले दिनों इस जर्जर सड़क को लेकर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सफाई दे रहे थे कि जरूरत से ज्यादा ट्रैफिक दौड़ने के कारण इसकी यह हालत हो गई। दूसरी तरफ लोगों का आरोप था कि इस सड़क की मरम्मत में ही खानापूरी की गई थी। तीन मीटर चौड़ी सड़क पर ढाई इंच बीसी (डामर की परत) होना था, मगर मानकों के अनुरूप कुछ नहीं हुआ था।
साठगांठ की वजह से अफसरों ने भी इसकी अनदेखी कर दी। मामला जब पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद के पास पहुंचा तो आनन-फानन में सड़क के गड्ढे भरवाने की रिपोर्ट भेज दी। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के एक्सईएन राजीव अग्रवाल का कहना है कि मौके पर सड़क की स्थिति चेक करा ली गई है। इसकी हालत ज्यादा खराब हो गई है। नए सिरे से इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें : बरेली: लोक सभा चुनाव को लेकर भाजपा महिला मोर्चा बृज क्षेत्र ने कसी कमर
