रुद्रपुर: ठेला जलाने और फायरिंग करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज
रुद्रपुर, अमृत विचार। रविवार की देर शाम दबंगों द्वारा ठेले को जलाने और युवक पर फायरिंग करने वालों की पहचान करते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
बताते चलें कि बीती देर शाम फाजलपुर महरौला स्थित ब्रह्मदेव कॉलोनी निवासी मोहन कुमार का रविवार की सुबह एक युवक से विवाद हो गया था। जिसके बाद आरोपी युवक शाम को अपने साथियों के साथ मोहन कुमार के चाऊमीन व पकौड़ी के ठेले पहुंचा और अभद्रता करते हुए ठेला व्यापारी पर हमला कर दिया और बेरहमी से पीटने के बाद उस पर फायर झोंक दिया।
इसके बाद भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो हमलावरों ने ठेले को आग के हवाले कर दिया। एक घंटे तक दबंगों द्वारा तांडव मचाने के बाद जब पुलिस के आने की भनक लगी तो हमलावर मौके से फरार हो गए और एसएसआई अर्जुन गिरि ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
वहीं पीड़ित ठेला कारोबारी मोहन कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए मंगल सिंह, सुरेंद्र सिंह, नंद, गग्गी, गुरजीत, विशाल, कम्बोई निवासी प्रीत विहार, आनंद विहार कॉलोनी के अलावा खानपुर बस्ती के युवक पर जानलेवा हमला करने, जान से मारने की नियत से फायर करने और ठेला जलाकर आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है। बताया कि हमलावरों के हमले से युवक के सिर पर छह टांके और कई गंभीर चोटें भी आई है।
जिस पर पुलिस ने हमलावरों की पहचान करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर दी और हमलावरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। एसएसआई अर्जुन गिरी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद हमलावरों की पहचान हो चुकी है। पुलिस की एक टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
