वाघ बकरी चाय के मालिक पराग देसाई का 49 वर्ष की उम्र में निधन, जानें वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अहमदाबाद। वाघ बकरी टी समूह के कार्यकारी निदेशक पराग देसाई का गुजरात के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देसाई 15 अक्टूबर की शाम को अपने आवास के बाहर टहलते समय एक कठोर सतह पर गिर गए थे और उनके मस्तिष्क में गंभीर चोट आई थी। देसाई के परिवार के करीबी एवं कंपनी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ देसाई को गिरने के बाद ब्रेन हैमरेज हुआ और वे बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद वहां से उन्हें दूसरे अस्पताल में ले जाया गया जहां उनकी मस्तिष्क की सर्जरी की गई। वहां उन्हें निगरानी में रखा गया। रविवार शाम करीब सात बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शाम की सैर के दौरान कुत्तों से बचने की कोशिश करते समय देसाई गिर गए थे। देसाई अहमदाबाद स्थित चाय समूह के बोर्ड के दो कार्यकारी निदेशकों में से एक थे। दूसरे कार्यकारी निदेशक पारस देसाई हैं। पराग देसाई प्रबंध निदेशक रसेश देसाई के बेटे हैं। उन्होंने अमेरिका की लॉन्ग आइलैंड यूनिवर्सिटी से एमबीए किया था। उन्होंने समूह के लिए बिक्री, विपणन और निर्यात विभागों का नेतृत्व किया। उन्हें चाय के स्वाद की बेहतरीन समझ थी।

कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सदस्य शक्तिसिंह गोहिल ने पराग देसाई के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ बेहद दुखद खबर। वाघ बकरी टी के निदेशक पराग देसाई का निधन। गिरने के बाद उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें...’’

ये भी पढ़ें- शेखावत के अनुकरणीय नेतृत्व के लिए भारत हमेशा उनका आभारी रहेगा: प्रधानमंत्री मोदी 

संबंधित समाचार