नरम पड़े अखिलेश के सुर, कहा- 'इंडिया' गठबंधन में सबकुछ ठीक है, 'कांग्रेस से कोई मतभेद नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ। एमपी चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच मचा घमासान अब शांत होने लगा है। दोनों ही पार्टियों के सुर अब नरम पड़ने लगे हैं। दरसअल सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उनका कांग्रेस के साथ कोई मतभेद नहीं हैं, दोनों ही दलों के बस सोचने के तरीके में फर्क है। उन्होंने दावा किया कि 'इंडिया' गठबंधन (I.N.D.I.A) में सबकुछ ठीक है। 

अखिलेश यादव सोमवार को उत्तराखंड के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे थे जहां उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए इंडिया गठबंधन को लेकर अपनी बात रखी और सपा कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही बयानबाजी पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि, "कांग्रेस और सपा के बीच कोई मतभेद नहीं है। उनके (कांग्रेस) सोचने का तरीका कुछ और है और हमारे सोचने का कुछ और है।"

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि, "अगर हम कहेंगे कि हरिद्वार में हमारी पार्टी का सांसद रहा, हम यहां पर संगठन बनाएंगे और अपनी पार्टी बनाएंगे। क्या इससे किसी की नाराजगी हो सकती है?" सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने के बाद सैनिकों को पूरा सम्मान दिया जाएगा, उनकी सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। 

बता दें कि पिछले दिनों मध्य प्रदेश में सीटें नहीं मिलने के बाद इंडिया गठबंधन के घटक दलों समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच विवाद काफी बढ़ गया था। दोनों तरफ से एक दूसरे के प्रति तीखी बयानबाजी भी देखने को मिली थी। वहीं अखिलेश यादव ने कांग्रेस को धोखेबाज तक कह दिया था।

ये भी पढ़ें- उन्नाव :आबकारी टीम ने अभियान चलकर पकड़ी 562 लीटर कच्ची शराब, 6 तस्कर भी गिरफ्त में

संबंधित समाचार