गदरपुर: युवक ने पंखे से लटककर दे दी जान

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

गदरपुर, अमृत विचार। अज्ञात कारणों के चलते युवक ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।

ग्राम पिपलिया गदरपुर नंबर एक निवासी सागर मंडल (26) पुत्र राजू मंडल ने सोमवार रात्रि करीब 11 बजे अज्ञात कारणों के चलते कमरे में पंखे से लटककर फांसी लगा ली। उस दौरान गांव में दुर्गा पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। मृतक के  माता पिता ने समझा कि उसका पुत्र दुर्गा पूजा कार्यक्रम में गया है।

देर रात्रि जब सागर मंडल  घर नहीं लौटा तो युवक के माता-पिता तीसरी मंजिल स्थित उसके कमरे में गए जहां वह रहता था। जब वह कमरे में पहुंचे सागर मंडल पंखे से फांसी लगा कर लटका हुआ था। इससे परिजनों में हड़कम्प मच गया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर उप निरीक्षक ओमप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी परिजनों से ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा भर पोस्टमार्टम के जिला अस्पताल भेजा। मृतक युवक अपने पीछे पत्नी मनीशा, एक बेटी रुही, बेटा जुआंश को रोता बिलखते छोड़ गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम  के बाद  दोपहर बाद गमगीन माहौल  में मृतक सागर मंडल का अंतिम संस्कार किया गया। थानाध्यक्ष राजेश पांडे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार