रुद्रपुर: पत्नी ने पति पर लगाया बेटी पर जानलेवा हमला करने का आरोप
रुद्रपुर, अमृत विचार। कच्चा खेड़ा की रहने वाली एक विवाहिता ने पति पर बेटी पर जानलेवा हमला करने और अपनी ही साली के घर जबरन घुसकर जेवर व नगदी लूटने का आरोप लगाया है। विवाहिता का आरोप था कि पति डरा धमकाकर मकान पर कब्जा करने की फिराक में है। कई बार बहन को जान से मारने की धमकी भी दे चुका है। बावजूद पति ने घर में घुसकर सभी पर जानलेवा हमला भी किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रंपुरा चौकी स्थित कच्चा खेड़ा निवासी प्रतिभा ने बताया कि उसके पति का न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। जिसकी एनसीआर कट चुकी है। बताया कि वर्तमान में वह अपनी बहन रिया के पक्का खेड़ा स्थित आवास पर रह रही है। मकान बहन के नाम पर दर्ज है। आरोप था कि उसका पति कई बार मकान पर कब्जा करने की नीयत से धमकियां दे चुका है और बहन को जान से मारने की धमकी देता रहता था। मगर 18 अक्टूबर की शाम साढ़े पांच बजे वह घर पर थी। अचानक पति अनिल कुमार घर पर आया और बेटी पर जानलेवा हमला करते हुए लोहे की रॉड से प्रहार कर दिया। जिससे बेटी लहूलुहान होकर नीचे गिर गई और पति हाथापाई करने के बाद मौके से फरार हो गया।
आरोप था कि 22 अक्टूबर की दोपहर को पुन: पति घर पर आया और सभी के साथ हाथापाई करने के बाद अलमारी का लॉक तोड़ कर सोने का हार, कान की झुमकी, सोने के कड़े और 80 हजार रुपये की नगदी लूट ली, जबकि उसकी बहन नौ माह की गर्भवती भी थी। अस्पताल में उपचार कराने के बाद विवाहिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
