रुद्रपुर: डीएम बोले 15 ऐसी बड़ी फर्म चिन्हित करें जिनकी आरसी कटी हो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने कहा कि राजस्व संग्रह में वृद्धि के लिए सभी विभाग अपने-अपने स्तर से पहल करें। इस दौरान उन्होंने भू-राजस्व, स्टांप, आबकारी, व्यापार कर, परिवहन, विद्युत, वानिकी एवं खनन की राजस्व वसूली की समीक्षा की। व्यापार कर अधिकारी को निर्देश दिये कि वे जीएसटी के डिफाल्टरों, जीएसटी चोरी करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करें।

शुक्रवार को जिलाधिकारी ने यह निर्देश जिला कार्यालय सभागार में राजस्व संवर्धन के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए दिये। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिये कि वे ठेकेदार का भुगतान करने से पहले फर्म का जीएसटी रिटर्न लें। ताकि यह पता चल सके कि फर्म ने सरकारी धनराशि जमा कर दी है। खनन विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि कम से कम 15 ऐसी बड़ी फर्म चिन्हित की जाए जिनकी आरसी कटी हुई है और वे राजस्व जमा नहीं कर रहे हैं। साथ ही भंडारण व स्टोन क्रेशर का संचालन कर रहें हैं। ताकि उनके खिलाफ सख्ती से कार्यवाही अमल में लाई जा सके।

उन्होंने राज्य कर, परिवहन, आबकारी और खनन विभाग के अधिकारियों को नवीन तकनीकि का उपयोग करने और सूचनाओं का आदान-प्रदान तेजी से करने के निर्देश दिये। राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि जिला विकास प्राधिकरण द्वारा जारी की जा रही आरसी कलेक्शन पर भी निर्धारित शुल्क वसूला जाये। उन्होंने जल संस्थान के अभियंताओं को शहरी क्षेत्रों में पेयजल कनेक्शन बढ़ाने और प्रतिमाह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विशाल मिश्रा, अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी, उप जिलाधिकारी गौरव पांडे, उप निदेशक खनन दिनेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत विजय सकारिया, सहायक आयुक्त स्टाम्प सुधांशु कुमार त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता सिंचाई पीसी पांडे आदि उपस्थित थे।

संबंधित समाचार