UP डायल -112 की महिला कर्मियों ने दीप जलाकर Save Girl की लगाई गुहार, अखिलेश ने कहा- हरदम साथ निभाएंगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी-112 की महिला कर्मचारियों ने इको गार्डन में दीप जलाकर रंगोली बनाई और उस पर सेव गर्ल (Save Girl) लिखा। इसका एक वीडियो समाजवार्दी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट भी किया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने वीडियो पोस्ट कर लिखा है कि आशाओं के दीप जलाये,आज यहाँ जो बैठे हैं, उनसे वादा है ये अपना, हम भी तेरे संघर्ष में, एक दीया जलाएँगे, हरदम साथ निभाएँगे!

दरअसल, राजधानी के शहीद पथ स्थित यूपी- 112 के बाहर महिला कर्मचारियों ने सोमवार को हंगामा किया था। कर्मचारी वेतन बढ़ाने और ऑफर लेटर की मांग कर रही थीं। महिला कर्मचारियों का आरोप था कि चार साल में एक बार भी उनकी सैलरी नहीं बढ़ाई गई। उन्होंने मांग रखी है कि दीपावली त्योहार से पहले उनकी सैलरी बढ़ाई जाये। साथ ही उन्हें ऑफर लेटर दिया जाये। महिला कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते डायल 112 का कार्य भी प्रभावित हुआ था।

महिला कर्मचारियों ने बताया था कि हम सभी रोजाना 9 घंटे काम करते हैं, लेकिन सैलरी के नाम पर महज 12 हजार रूपये मिलते हैं। चार साल से सैलरी नहीं बढ़ी। जबकि 75 जिलों से आने वाली लोगों की कॉल को सुनते हैं। उसके बाद पुलिस की मदद मुहैया कराते है। कई बार सैलरी बढ़ाने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके अलावा काम तो यहां कर रहे है,लेकिन ऑफर लैटर तक नहीं मिला है। ऐसे में सभी की मांग है कि त्योहार से पहले हमारी सैलरी बढ़ाकर 18 हजार किया जाये। साथ ही ऑफर लेटर भी दिया जाये।

महिला कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद डायल 112 की महिलायें धरना दे रही हैं। इससे पहले सीएम आवास घेरने जा रही महिला कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर की बात भी सामने आई थी। इन पर सरकारी काम में बाधा डालने और आवश्यक सेवाओं को बाधित करने का आरोप लगा था।

यह भी पढ़ें: कौशांबी पुलिस ने पकड़ी हरियाणा से बिहार जा रही करोड़ों रुपए की शराब, दो तस्कर गिरफ्तार

संबंधित समाचार