गरमपानी: जौरासी में कोसी नदी क्षेत्र में गिरा वाहन, एक की मौत पांच घायल
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जौरासी क्षेत्र में वाहन असंतुलित होकर कोसी नदी क्षेत्र की ओर जा गिरा। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चला घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
वाहन चालक हरीश कुमार निवासी बेरीनाग हल्द्वानी से अपने वाहन यूके 05 टीए 4185 में यात्रियों को लेकर बेरीनाग को रवाना हुआ। वाहन जौरासी के समीप असंतुलित होकर कोसी नदी क्षेत्र में जा गिरा। दुर्घटना की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। चौकी पुलिस खैरना को भी सूचना दी गई।
चौकी प्रभारी दिलीप कुमार पुलिसकर्मियों व एसडीआरएफ छड़ा ईकाई की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चालक समेत सभी पांच लोगों को एक एक कर खाई से बाहर निकाल राजमार्ग तक पहुंचाया गया। सभी को उपचार के लिए गरमपानी अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने छतर सिंह (31वर्ष ) पुत्र डिगर सिंह निवासी डीडीहाट (पिथौरागढ़) को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रुप घायल वाहन चालक हरीश तथा कांडे, कारोली गांव, बेरीनाग निवासी सूरज सिंह को गंभीर हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
सुकलाड़ी गांव (बेरीनाग) निवासी जितेंद्र डसीला व धौला बलिया गांव (बेरीनाग) निवासी संतोष तथा बेलकोट गांव निवासी हरीश कुमार का सीएचसी में ही उपचार किया गया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया है।
