बरेली: परसाखेड़ा में डेढ़ करोड़ की लागत से बनेगी नई गोशाला

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

चारागाह, भूसा स्टोर के साथ पशुओं के नहाने की होगी व्यवस्था, गोशाला में 550 पशुओं के ठहराने का किया जाएगा इंतजाम

बरेली, अमृत विचार : बेसहारा पशुओं के आश्रय के लिए परसाखेड़ा के खड़ौआ में नगर निगम नई गोशाला का निर्माण कराएगा। 550 पशुओं के आश्रय स्थल के लिए एक करोड़ 74 लाख रुपये खर्च होंगे। इसमें पशुओं के नहाने के लिए फव्वारे का प्रयोग किया जाएगा। यहां 12 तरह के निर्माण कार्य कराए जाएंगे।

इससे खड़ौआ में गाटा संख्या 1176 में मॉडल गोशाला बनेगी। इसका प्रारूप शासन ने तय किया है। इसमें गोबर गैस प्लांट भी लगाया जाएगा। बेसहारा पशु आश्रय योजनान्तर्गत बनने वाली गोशाला में चारा गोदाम, वेटनरी क्लीनिक विद कैटल क्रश, भूसा कटर शेड, सर्वेंट क्वार्टर, छोटे साइज के गेट, मुख्य द्वार, चरही, नाली निर्माण, सबमर्सिबल पंप, बायोगैस प्लांट, बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी।

नई गौशाला बनने से शहर में सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा और बेसहारा पशुओं को पकड़ कर आश्रय स्थल में रखा जा सकेगा। शहर की सड़कों पर अब भी कई जगह आवारा पशुओं की मौजूदगी से दुर्घटनाएं हो रही हैं। नगर निगम पशुओं को पकड़ता है लेकिन जितने पशु पकड़े जाते हैं, उससे ज्यादा बाहर घूमते रहते हैं। नई गोशाला बनने के बाद पशुओं को आसानी से आश्रय स्थल में रखा जा सकेगा।

कान्हा गोशाला का होगा विस्तार, 92 लाख रुपये होंगे खर्च: कान्हा गौशाला में तीन नए शेड और नांद बनाने के लिए 92 लाख रुपये निगम को मिले हैं। शेड के नीचे टाइल्स भी बिछाई जाएंगी ताकि पशुओं का धूप और ठंड से बचाव हो सकेगा। एक शेड में 50 पशु एक साथ भूसा खा सकेगें। मौजूदा समय में कान्हा गोशाला में 1150 पशु हैं।

नई गोशाला के निर्माण के लिए लगभग डेढ़ करोड़ की डीपीआर बनाकर शासन को भेजी गई है। इसकी मंजूरी मिलते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। कान्हा गोशाला के विस्तारीकरण के लिए भी धनराशि आवंटित हो गई है। अगले सप्ताह से यहां काम शुरू करा दिया जाएगा। -निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त

संबंधित समाचार