रायबरेली : संदिग्ध अवस्था में युवती की मौत, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अटौरा/ रायबरेली, अमृत विचार। एक युवती की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। चिकित्सक उसकी मौत को प्रारंभिक लक्षणों के आधार पर विषाक्त खाना बता रहे हैं, जबकि परिजनों का कहना है कि वह काफी समय से बीमार थी, जिससे उसकी मौत हुई है । परस्पर विरोधी बातों के कारण पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है , ताकि मौत की असली वजह का पता चल सके।
     
मामला गुरुबक्शगंज थाने की अटौरा चौकी क्षेत्र के अर्न्तगत निधी का पुरवा गाँव का है। गांव निवासी सीताराम की युवा बेटी सविता की सोमवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में जिला अस्पताल में मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार सविता की मौत जहरीला पदार्थ खाने की वजह से हुई है जबकि परिवारजनों के अनुसार सविता विगत एक सप्ताह से बीमार चल रही थी। सोमवार की शाम हालत बिगड़ने पर परिवारजन इलाज हेतु उसे जतुआ टप्पा सीएचसी लेकर पहुचे। जहाँ हालत गम्भीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सविता को मृत घोषित कर दिया। 

चिकित्सकों और परिजनों द्वारा मौत के कारणों को लेकर परस्पर विरोधी दावा करने के कारण पुलिस ने इसमें हस्तक्षेप किया है । जिला अस्पताल द्वारा मामले की सूचना मेमो द्वारा पुलिस को दी गई। उसके बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि  सविता की मौत की सही वजह की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ज्ञात हो पायेगी ।

ये भी पढ़ें -बहराइच : गंगवल स्टेट के राजा उदय प्रताप का लखनऊ में हुआ निधन, जनता में शोक

संबंधित समाचार