Video : काशी में गंगा किनारे कूड़े में मिले लाखों शिवलिंग, लोग बोले - आ गया है घोर कलयुग
10 दिन पहले सवा एक करोड़ शिवलिंग पूजन का बना था वर्ल्ड रिकॉर्ड
वाराणसी, अमृत विचार। काशी में गंगा किनारे लाखों की संख्या में कूड़े के ढेर में पड़े हुए शिवलिंग मिले हैं। काशी वालों का कहना है कि अब घोर कलयुग आ गया है, बाबा का इस तरह घोर अपमान कौन करता है। वहीँ स्थानीय निवासियों का कहना है कि अभी दस दिन पूर्व एक संस्था ने यहां सवा करोड़ शिवलिंग पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसे वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। लोगों का कहना है कि ये वही शिवलिंग हैं जिनका पूजन कर उन्हें कूड़े में फेंक दिया गया।
गौरतलब है कि पूजन करने वाली संस्था ने आयोजन के दौरान दावा किया था कि वो इसमें शामिल प्रत्येक शिवलिंग को लोगों के घरों तक पहुंचाएगी। लेकिन कूड़े में पड़े शिवलिंग कुछ और ही कहानी बयान कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि संस्था ने अपना वादा नहीं निभाया और महादेव का अपमान किया है। बताते चलें कि शिवाला घाट के चेतसिंह किले पर 9 दिवसीय अनुष्ठान में सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग की पूजा की गई थी। विजयानंदनाद गुरु सेवा समिति चैरिटेबल ट्रस्ट (तेलंगाना) के बैनर तले यह कार्यक्रम हुआ था। दक्षिण भारत के 500 वैदिक ब्राह्मण और विद्वान शिवलिंग का 16 तरीके से विधिवत पूजा और अभिषेक कराया था। 12 ज्योर्तिलिंग मंदिर स्वरुप में अलग बनाए गए थे।

विजयानंदनधा गुरु सेवा समिति के अध्यक्ष रामचंद्र साईं व डॉ. वेंकट के गंजम ने तब बताया था कि एक करोड़ पार्थिव शिवलिंग को हैदराबाद की पांच हजार महिलाओं और पांच हजार अन्य शिष्यों ने मिट्टी, गाय का गोबर, गोमूत्र और गंगाजल से देश भर के 58 केंद्रों पर तैयार किया है।
काशी में गंगा किनारे कूड़े में मिले लाखों शिवलिंग, लोग बोले - आ गया है घोर कलयुग pic.twitter.com/hvMFQoai6J
— amrit vichar (@amritvicharlko) December 6, 2023
ये भी पढ़ें -बहराइच में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हत्या पर उबाल, हुआ जोरदार प्रदर्शन
