हल्द्वानी: नहीं गिरफ्तार हुईं आरोपी, दून की टीम तलाश रही सुबूत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। संप्रेक्षण गृह की एक महिला कर्मी और होमगार्ड कर्मी को पुलिस ने अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। जबकि मुकदमा दर्ज किए 72 घंटे से अधिक का वक्त गुजर चुका है। इधर, मंत्री रेखा आर्या के निर्देश पर हल्द्वानी पहुंची टीम ने दूसरे दिन भी अपनी जांच जारी रखी। मंगलवार को टीम अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। 

बता दें कि संप्रेक्षण गृह में रहने वाली नाबालिग ने आरोप लगाया था कि गृह की एक महिला कर्मी और एक होमगार्ड महिला कर्मी ने उसका दुष्कर्म कराया, उसे धमकाया और पीटा। मामला खुलते ही हड़कंप मच गया। खबर प्रकाशित हुई तो मंत्री रेखा आर्या ने मामले का संज्ञान लेते हुए न सिर्फ टीम बनाई बल्कि एक आरोपी महिला कर्मी को निलंबित भी कर दिया। जांच के दून की टीम शनिवार रात ही शहर पहुंच गई थी।

रविवार से जांच शुरू की, जो सोमवार को भी जारी रही। सूत्रों का कहना है कि सोमवार को टीम ने एक बार फिर उन्हीं लोगों से पूछताछ की, जिससे वह सोमवार को कर चुके थे। दरअसल, टीम के दोबारा पूछताछ के पीछे वजह यह था कि टीम पूर्व में दर्ज और ताजा लिए बयानों का मिलान कर यह देखना चाहते थे कि कहीं कोई झूठ तो नहीं बोल रहा। टीम ने उन चिकित्सकों से भी बात की है जिन्होंने दुष्कर्म के आरोपों के बाद नाबालिग का मेडिकल परीक्षण किया था। इसके अलावा उन चिकित्सकों से भी बात की जो पूर्व में नाबालिग का उपचार कर चुके हैं। 

इधर, पुलिस अब भी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है, लेकिन मुकदमा गंभीर धाराओं में दर्ज है और आरोपियों की गिरफ्तार अभी तक नहीं हुई है। माना जा रहा है कि पुलिस दुष्कर्म की पुष्टि का इंतजार कर रही है और पुष्टि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। गिरफ्तारी न होने के पीछे पीड़िता के बदलते बयानों को भी वजह माना जा रहा है। 

संबंधित समाचार