हल्द्वानी: पहली छिपाकर रचाया दूसरा ब्याह, पति ने मुकदमा लिखाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक महिला ने अपनी पहली शादी छिपाकर दूसरी शादी कर ली। बात खुली तो वह पति और उसकी बेटी को धमकाने लगी। महिला उसका घर अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगी। उक्ता कर पीड़ित पुलिस के पास पहुंचा, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

महेशी विद्यानगर कोटद्वार पौढ़ी गढ़वाल निवासी अमरीश वर्मा यहां बड़ी मुखानी पीलीकोठी में रहते हैं। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है और वो भीमताल में रहती है। अमरीश के मुताबिक उनकी शादी 7 दिसंबर 2021 को न्यू प्रताप नगर पौढ़ी गढ़वाल निवासी कमलेश्वरी पवार से हुई थी, लेकिन कमलेश्वरी ने अपनी पहली शादी की बात छिपाए रखी। कुछ समय बाद पता लगा कि न सिर्फ कमलेश्वरी शादीशुदा है, बल्कि उसका 17 साल का बेटा भी है।

इसके बाद अमरीश न्यायालय की शरण में पहुंचे और न्यायालय ने शादी को शून्य घोषित कर दिया। आरोप है कि इसके बाद कमलेश्वरी ने हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए। कमलेश्वरी पीलीकोठी का मकान उसके नाम करने का दबाव बनाने लगी। जबकि उक्त मकान अमरीश अपनी बेटी को दाननामा कर चुके थे। बात नहीं बनी तो कमलेश्वरी ने भीमताल में बेटी की ससुराल में और फिर पीलीकोठी में मकान के बाहर हंगामा किया। उसने अमरीश और उसकी बेटी की हत्या कराने की धमकी दी। फिलहाल पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज