रायबरेली सड़क हादसा : रांग साइड से आये टैंकर ने स्कूटी को मारी टक्कर, बुआ-भतीजे की मौत
नसीराबाद/ रायबरेली, अमृत विचार। थाना क्षेत्र अंतर्गत छतोह-गांधी नगर मार्ग पर रमसापुर मोड़ के निकट विपरीत दिशा से आ रहे एनटीपीसी से राख ढोकर ले जा रहे टैंकर ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में बुआ-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला ले जाया जाने लगा लेकिन बीच रास्ते में दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
प्रिया पांडेय (21) पुत्री श्री चंद पांडेय बुधवार सुबह राजकली देवी महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने स्कूटी से भतीजे राज पांडेय (19) पुत्र राम करन पांडेय के साथ कॉलेज जा रही थी। रास्ते में रमसापुर मोड़ के पास वितरीत दिशा से आ रहे एनटीपीसी के राख ढोने वाले एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में प्रिया और राज गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी पहुंचाया जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले बीच रास्ते में दोनों की मौत हो गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने टैंकर यूपी 33 टी 9562 को कब्जे में ले लिया। मृतका प्रिया की शादी अभी 7 दिसंबर को आशीष तिवारी निवासी ग्राम भावापुर मजरे डीघा से हुई थी। घटना की जानकारी मिलती हो दोनों परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सलोन वंदना सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। टैंकर चालक फरार है जिसकी तलाश के लिए टैंकर नंबर को ट्रेस किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें -अमूल कंपनी के दुग्ध वाहन का अगला पहिया फटा, अनियंत्रित होकर पलटी गाड़ी, बहा 37 कैन दूध
