सॉफ्टवेयर बनेगा सबसे बड़ी ताकत
पिछले कुछ वर्षों में वाहन उद्योग में सॉफ्टवेयर की भूमिका में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जहां पांच वर्ष पहले किसी कार की कुल वैल्यू में सॉफ्टवेयर का योगदान लगभग 10 प्रतिशत था, वहीं अब यह बढ़कर लगभग 40 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। भविष्य की कारें लगातार डेटा एकत्र करेंगी। उसका विश्लेषण करेंगी और इंटरनेट के माध्यम से नियमित रूप से अपडेट होती रहेंगी। इसी कारण सॉफ्टवेयर आधारित वाहनों के लिए एम्बेडेड सिस्टम, व्हीकल कनेक्टिविटी, साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में प्रशिक्षित विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ेगी। आने वाले वर्षों में ऑटोमोबाइल उद्योग में मल्टी-डिसिप्लिनरी इंजीनियरिंग टीमों का महत्व और अधिक बढ़ जाएगा।
बदल जाएगी सर्विसिंग की पूरी व्यवस्था
.jpg)
सॉफ्टवेयर आधारित वाहनों के बढ़ते उपयोग के साथ वाहन मरम्मत की पारंपरिक व्यवस्था भी बदलने वाली है। भविष्य की कारों में अधिकांश खराबियों का पता कंप्यूटर आधारित डायग्नोस्टिक सिस्टम लगाएंगे। ऐसे वाहनों में अनधिकृत मरम्मत या इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम से छेड़छाड़ न केवल सॉफ्टवेयर को प्रभावित कर सकती है, बल्कि उसे दोबारा प्रोग्राम करना भी महंगा साबित हो सकता है। इसी कारण अधिकृत सर्विस सेंटर, प्रशिक्षित तकनीशियन और डिजिटल डायग्नोस्टिक उपकरण भविष्य में वाहन रखरखाव का अनिवार्य हिस्सा बन जाएंगे।
नई पीढ़ी की बैटरियां बदलेंगी तस्वीर
इलेक्ट्रिक वाहनों का भविष्य केवल लिथियम-आयन बैटरियों तक सीमित नहीं रहेगा। दुनिया भर में सॉलिड-स्टेट, सोडियम-आयन और सिलिकॉन-एनोड बैटरी तकनीकों पर तेजी से काम हो रहा है। इनका उद्देश्य बैटरी की ऊर्जा क्षमता बढ़ाना, चार्जिंग समय कम करना और सुरक्षा को बेहतर बनाना है।
सॉलिड-स्टेट बैटरियां पारंपरिक लिक्विड इलेक्ट्रोलाइट की जगह ठोस पदार्थ का उपयोग करती हैं, जिससे आग लगने का खतरा काफी कम हो जाता है और ऊर्जा घनत्व 30 से 80 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। वहीं सोडियम-आयन बैटरियां कम लागत वाली इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए बेहतर विकल्प मानी जा रही हैं क्योंकि इनमें महंगे और सीमित लिथियम की आवश्यकता नहीं होती। सिलिकॉन-एनोड तकनीक भी कम समय में अधिक चार्जिंग और लंबी ड्राइविंग रेंज देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति कर रही है।
एआई आधारित सुरक्षा होगी भविष्य की पहचान
भविष्य के इलेक्ट्रिक वाहनों में सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण पहलू बैटरी थर्मल रनअवे, हाई-वोल्टेज सिस्टम और दुर्घटना के दौरान यात्रियों की सुरक्षा होगा। आधुनिक बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम एआई की मदद से बैटरी में होने वाली सूक्ष्म गड़बड़ियों का पहले ही पता लगा सकेंगे, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। दुर्घटना की स्थिति में पायरोटेक्निक बैटरी डिस्कनेक्ट सिस्टम तुरंत हाई-वोल्टेज सर्किट को अलग कर देंगे ताकि यात्रियों और बचाव दल को बिजली के झटके का खतरा न रहे। साथ ही हाई-वोल्टेज केबलों की स्पष्ट पहचान, मानकीकृत आपातकालीन दिशानिर्देश और प्रशिक्षित रेस्क्यू सिस्टम भविष्य की ईवी सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे।
भविष्य की राह
ऑटोमोबाइल उद्योग एक ऐसे दौर में प्रवेश कर चुका है जहां सफलता केवल बेहतर इंजन बनाने से नहीं मिलेगी, बल्कि सॉफ्टवेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स, एआई और डिजिटल इंजीनियरिंग के प्रभावी समन्वय पर निर्भर करेगी। आने वाले वर्षों में वाहन केवल परिवहन का साधन नहीं रहेंगे, बल्कि वे चलते-फिरते स्मार्ट डिजिटल प्लेटफॉर्म बन जाएंगे। इसलिए उद्योग, शिक्षा संस्थानों और इंजीनियरिंग प्रतिभाओं को भी इसी बदलाव के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा।
