गरमपानी: पैचवर्क उखड़ने पर विभाग ने रोका ठेकेदार का भुगतान
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर चार लाख रुपये की लागत से किया गया पैचवर्क कार्य के महज दो महीने में ही दम तोड़ दिए जाने से अब संबंधित विभाग हरकत में आ गया है। कार्यदाई संस्था के भुगतान पर रोक लगा दी गई है। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता आंनद लाल के अनुसार दोबारा पेंचवर्क कराए जाएगा। फिलहाल भुगतान रोक दिया गया है।
हाइवे से ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट समेत धनियाकोट, सिमलखा, डोलकोट, हरोली, बसगांव, सोनगांव, बसगांव समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रातीघाट-बेतालघाट मोटर मार्ग पर चार लाख रुपये से दो महीने पूर्व पैचवर्क कार्य किया गया। लाखों रुपये के बजट से किए गए कार्य से मोटर मार्ग के गड्डे मुक्त होने की उम्मीद जगी पर अभी पेंचवर्क कार्य को कुछ समय ही बीता था की पैचवर्क दम तोड़ने लगा।
सड़क के एक बार फिर गड्ढा युक्त होने से ग्रामीणों ने रोष जताया मामले में कार्रवाई किए जाने की मांग भी उठाई। जनहित से खिलवाड़ किए जाने का आरोप भी लगाया। बकायदा मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर भी मामला दर्ज करा गुणवत्ताविहीन कार्य की शिकायत की गई। हरकत में आए लोनिवि ने फिलहाल ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगा दी है। विभाग के अपर सहायक अभियंता आनंद लाल के अनुसार सूरीफार्म समेत दो स्थानों पर पैचवर्क उखड़ चुका है। दोबारा पैचवर्क करवाया जाएगा। फिलहाल ठेकेदार का भुगतान रोक दिया गया है।
