Exclusive: दुबई के एडवेंचर गेम्स में जाएंगे कानपुर के ग्लब्स, चमड़ा निर्यातकों को मिला ऑर्डर, यह है खासियत
दुबई के एडवेंचर गेम्स में जाएंगे कानपुर के ग्लब्स।
दुबई के एडवेंचर गेम्स में जाएंगे कानपुर के ग्लब्स। चमड़ा निर्यातकों को सॉफ्ट ग्लब्स का मिला ऑर्डर। गोट लेदर, केमिकल और हाथ की कढ़ाई से रहेगा ठंडा।
कानपुर, (राजीव त्रिवेदी)। नया साल शहर के चमड़ा निर्यातकों के लिए उम्मीद लेकर आया है। शहर के चमड़ा कारोबारियों को दुबई के एडवेंचर गेम्स में करीब 32 करोड़ के ग्लब्स का ऑर्डर मिला है। यह ग्लब्स अन्य ग्लब्स के मुकाबले सॉफ्ट हैं। इसके अलावा हाथ की कढ़ाई होने से पसीना भी कम निकलता है। ऑर्डर की पहली खेप 10 जनवरी से जाना शुरू होगी। इसके अलावा इस वर्ष लगभग 125 करोड़ के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।
कारोबारियों ने बताया कि वहां पर इन खेलों के लिए देश की अन्य जगहों से यह ग्लब्स जाते थे। शहर को पहली बार यह ऑर्डर मिला है। नए ऑर्डर मिलने से चमड़ा करोबारी उत्साहित हैं। चमड़ा निर्यातक डॉ. जफर नफीस ने बताया कि इस ऑर्डर के बाद शहर के चमड़ा निर्यातक एडवेंचर खेलों के उत्पादों की ओर भी रुख कर सकते हैं। यदि दो, चार देशों के ऑर्डर आते हैं तो यहां के कारोबारियों के लिए यह एक नया बाजार होगा।
यह है खासियत
लेदर निर्यातक मोहम्मद हसीमुद्दीन ने बताया कि खास तरह का ड्राइविंग ग्लब्स गोट लेदर का बना हुआ है। हाथ की बारीक कढ़ाई की गई है। इस कढ़ाई की वजह से हवा भी आर-पार होती है। इसके अलावा वहां की गर्मी को देखते हुए इस ग्लब्स में रसायन के जरिए हाथ को ठंडा रखने की भी सहूलियत है।
फरवरी तक सीजन
दुबई में दो महीने, जनवरी और फरवरी नए साल का सीजन माना जाता है। इस दौरान यहां पर कई एडवेंचर खेल होते हैं। रेत पर कार दौड़ाने के खेल के प्रति लोगों का रुझान अधिक होता है। यह ग्लब्स इसी खेल में उपयोग किए जाते हैं।
चमड़ा कारोबार: यह भी जानिए
- शहर से लगभग 6500 करोड़ का चमड़े का कारोबार होता है।
- शहर में 134 कारोबारी बड़े स्तर पर चमड़े का निर्यात करते हैं।
- 41 कारोबारी छोटे और लग्जरी आइटम में डील करते हैं।
- 1450 करोड़ का निर्यात सिर्फ सेडलरी उत्पादों का होता है।
- जूते, पर्स, लेदर ग्लब्स, जैकेट, ओवरकोट आदि का निर्यात होता।
ये भी पढ़ें- UP: नए नियमों का चालकों ने किया विरोध… वाहनों की हड़ताल से जनता परेशान, बोले- सरकार यह कानून वापस ले
