लॉस एंजिलिस में नववर्ष पर गोलीबारी की घटनाओं में तीन लोगों की मौत, कई घायल
लॉस एंजिलिस। अमेरिका के लॉस एंजिलिस शहर में नव वर्ष के मौके पर आयोजित एक पार्टी में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गयी तथा आठ अन्य घायल हो गए। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने एक समाचार विज्ञप्ति में बताया कि अधिकारियों को सोमवार देर रात करीब एक बजे गोलीबारी की सूचना मिली और घटनास्थल पर पहुंचने पर उन्होंने गोलियां चलने की आवाज सुनी और लोगों को इलाके से भागते हुए तथा घायलों को सड़कों पर गिरे देखा। पुलिस ने बताया कि एक पुरुष और महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
अधिकारियों ने शुरुआत में बताया था कि तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन बाद में आठ लोगों के घायल होने की जानकारी दी। उनकी हालत के बारे में अभी कोई सूचना नहीं मिली है। जांचकर्ताओं का मानना है कि पार्टी में किसी विवाद के बाद गोलीबारी हुई।
यह पार्टी एक औद्योगिकी इलाके में हो रही थी, जहां कई गोदाम और व्यवसायिक इमारतें स्थित हैं। किसी भी संदिग्ध के बारे में अभी कोई सूचना नहीं मिली है। इस बीच, लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग हावथोर्न शहर में सोमवार को हुई गोलीबारी की एक अन्य घटना की जांच कर रहा है जिसमें एक महिला की मौत हो गयी और चार अन्य घायल हो गए हैं।
ये भी पढ़ें- दक्षिण कोरिया के विपक्ष के नेता ली जे म्युंग पर अज्ञात व्यक्ति ने किया हमला, गर्दन पर चाकू से किया वार
