रुद्रपुर: मटर तोड़ने जा रही लेबर से भरी पिकप पलटी, 15 मजदूर घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना दिनेशपुर इलाके में पंतनगर मटर तोड़ने जा रही लेबर से भरी पिकअप पलट गई। जिसमें सवार दर्जनों मजदूर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां तीन मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलने पर दिनेशपुर थाना पुलिस ने घटना की जानकारी ली। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पिकप को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

बताते चलें कि पंतनगर इलाके में मटर तोड़ने के लिए ठेकेदार के कहने पर मंगलवार की सुबह पिकअप चालक गदरपुर के कैशोगढ़ कॉलोनी, नंदपुर और इस्लामनगर पहुंचा। जहां से लगभग 35 से 40 मजदूरों को पिकअप में भरने के बाद चालक थाना दिनेशपुर इलाके से होता हुआ महतोष मोड़ भाखड़ा पुल मोड़ पहुंचा। तेज गति होने के कारण पिकप अनियंत्रित होकर महतोष मोड़ के पास पलट गया। पिकअप पलटते ही पिकप में सवार श्रमिक सड़क पर छिड़कते हुए गिर गए और घायल हो गए।

चीख पुकार की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। आनन- फानन में निजी वाहनों से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया। सड़क हादसे में कैशोगढ़ निवासी समारू राम, मनमोधी, रितु,चांद मुनि, चंदा, इस्लामनगर निवासी जैनब, फरजाना, बानो, नंदपुर निवासी हिमानी, पूर्णिमा,अन्नू, लीलावती, सोनम और अहमद नगर निवासी राखी घायल हो गए। जिनमें चंदा, राखी और सोनम की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर दिनेशपुर थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय ने बताया कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार