रुद्रपुर: 10 ग्राम चरस के साथ पंतनगर पुलिस ने तस्कर दबोचा
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना पंतनगर पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पंतनगर थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह डांगी सोमवार की रात को पुलिस टीम के साथ संदिग्धों की धरपकड़ के लिए गश्त कर रहे थे। सूचना मिली कि नगला-शांतिपुरी गेट पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। जिस पर पुलिस ने नगला मार्ग पर चेकिंग करनी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को देख एक युवक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम गौरव भारती निवासी नगला गोल गेट बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 110 ग्राम चरस बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पर्वतीय इलाकों से आने वाली चरस को वह खरीद के महंगे दामों पर फुटकर में नशे के लती युवकों को मुहैया कराता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस का मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
