पीलीभीत: हड़ताल खत्म.. वाहनों ने भरी रफ्तार, पटरी पर लौटने लगी जिंदगी

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

पीलीभीत,अमृत विचार : नए कानून को लेकर चल रही ट्रकों, बसों सहित भारी वाहनों का चक्काजाम मंगलवार तक जारी रहा। हड़ताल को देखते हुए  सरकार के गृहमंत्रालय और आल इंडिया मोटर टांसपोर्टर्स एसोसिएशन के बीच हुई बातचीत के बाद हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया गया। जिसके बाद बुधवार से आवगमन चालू हो सका।

जिसके बाद जिंदगी पटरी पर लौट सकी।जिले में चल रही वाहन चालकों की हड़ताल मंगलवार रात समाप्त कर दी गई थी। हड़ताल खत्म होने के बाद बुधवार को जनजीवन सामान्य हो गया। बसों के पहिए चल पड़े, वहीं सड़कों पर खड़े ट्रक भी अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। रोडवेज की बसें भी तीन दिन नुकसान झेलने के बाद सवारियों को लेकर अपने-अपने रूट पर निकली।

परिवहन सेवा में सुधार आया तो जरूरी सामानों की आपूर्ति भी शुरू हो गई। मंडियों में फल और सब्जी पहुंचने लगे, वहीं दूध की आपूर्ति भी सामान्य हो चली है। चालकों की हड़ताल के चलते आमजन को काफी राहत मिली। बीते दो दिन से वाहन चालकों की हड़ताल के चलते गैस, डीजल-पेट्रोल, फल, सब्जी, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। गैस गोदाम खाली हो गए थे।

पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से व्यवस्था चरमरा गईं थी। ट्रांसपोर्टरों का कामकाज भी ठप था। मगर बुधवार को स्थिति सामान्य होने के बाद एक बार फिर वाहन हाईवों पर रफ्तार भरते नजर आए। जिस वजह से बाजार में भी भीड़  देखने को मिली। कई जगह वाहनों की वजह से जाम की स्थिति भी बनी रही। किराना व्यापारी से लेकर कपड़ा, कॉस्टमेटिक और अन्य कारोबारियों का माल उनकी दुकान तक पहुंच सका।

ट्रांसपोर्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों को भी तीन दिन के बाद कामकाज मिला।  इधर, मंडी समिति में सड़ रही सब्जियों का भी जिले के बाहर के आवगमन चालू हुआ। बुधवार को मंडी समिति से सब्जियों की गाड़ियां, पिथौरागढ़, टनकपुर, हल्द्वानी, नैनीताल, अल्मोड़ा आदि स्थानों के लिए रवाना हुई। जिसके बाद सभी के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। हांलाकि कुछ वाहन चालक हड़ताल खत्म होने को लेकर असमजंस में पड़े रहे। जिस वजह से कुछ निजी वाहनों का संचालन नहीं हो सका।

पेट्रोल-डीजल को लेकर बनी रही भीड़: हड़ताल खत्म होने के बाद हाईवों पर वाहन दौड़ते दिखाई दिए। पेट्रोल-डीजल को  लेकर भीड़ लगी रही। टनकपुर हाईवे और असम हाईवे के किनारे बने पेट्रोल पंपों पर लाइन लगी रही। पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि अभी टैंकर देर रात तक पंप पर पहुंचेगे। जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकेगी। इसके बाद किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।

ट्रांसपोर्टरों ने ली राहत की सांस: तीन दिन से हड़ताल के चलते बंद पड़े ट्रांसपोर्ट का कामकाज बंद पड़ा था। व्यापारियों के ऑर्डर पूरे नहीं हो पा रहे थे। बुधवार को हड़ताल खुलने के बाद नौगवां चौराहा, ट्रांसपोर्ट गोदाम पर ट्रक आदि पहुंचना शुरु हुए। जिसके बाद सभी व्यापारियों के ऑर्डर पूरे कराए गए। तो वहीं जिले से अन्य माल के लिए भी ऑर्डर लगाए गए।  

बीसलपुर में बुधवार को भी चालकों का प्रदर्शन: एक तरफ हड़ताल के बाद कामकाज चालू कर दिया गया था। वहीं, बीसलपुर में बुधवार को भी कुछ चालकों ने विरोध प्रदर्शन किया। नए हिट एंड रन संशोधित कानून के खिलाफ ईदगाह चौराहे पर  एकत्र हुए चालकों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस कानून को वापस लिए जाने की मांग की।

व्यापार फैंस  क्लब के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार गुप्ता ने ड्राइवर से समस्या का निस्तारण ना होने तक एकजुट होकर आंदोलन जारी रखने की अपील की।  प्रदर्शन करने वालों में ओम प्रकाश, संजीव, रितराम ,सतपाल, राजू, बृजेश, मुकेश, हिमांशु, सुदेश, हसनैन , अमित पंडित आदि चालक थे।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: भगवामय हुई सड़कें, गूंजा जय श्रीराम का उद्घोष, जानिए पूरा मामला....

संबंधित समाचार