मुरादाबाद : ठंड पर भारी है आंदोलित कर्मचारियों के हौसले
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुरानी पेंशन बहाली सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे उत्तरीय रेलवे मेंस यूनियन, नार्दन रेलवे मेंस यूनियन और राज्यकर्मचारी संयुक्त परिषद के सदस्य मौसम पर भारी पड़ रहे हैं। ठंड में कर्मचारी डीआरएम कार्यालय परिसर से रेलवे स्टेशन तक शोर मचा रहे हैं।
सनसनाती हवा से बेपरवाह कर्मचारी बुलंद इरादों और जोरदार नारों से माहौल गर्म किए हुए हैं। रेलवे स्टेशन पर उरमू के मंडल मंत्री शलभ सिंह, शाखा अध्यक्ष राजपाल सिंह धरना की अगुवाई कर रहे हैं। यहां कर्मचारी सरकार को चेतावनी दे रहे हैं। मंडल मंत्री का कहना है कि सरकार कर्मचारियों की धैर्य की परीक्षा ले रही है। हम परिवार के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दास्त नहीं करेंगे।
मंडल रेल प्रबंध कार्यालय परिसर में बुधवार को नरमू और राज्यकर्मियों का समूह भूख हड़ताल पर बैठ गया। कर्मचारी नेता श्रीकांत यादव, कुंवर सुहेल खालिद, मंजू विष्ट, मनोज शर्मा, मंडल मंत्री राजेश चौबे, नफीस खान, संजय सत्संगी ने भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार अब हमें रोक नहीं सकती है। हम मांगों को लेकर रेल जाम तक करेंगे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : सीमा विवाद की आड़ में पुलिस के संरक्षण में फल-फूल रहा ई-कचरा कारोबार
