लखीमपुर खीरी: चोर चटका रहे ताले मौज में पुलिस वाले... सिंगाही में पुलिस ने चोर को सामान समेत किया गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जिले में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। चोर घरों, दुकानों के ताले चटका रहे हैं और पुलिस मौज में है। बुधवार की रात चोर शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद के एक मकान में घुस गए और चोरी का प्रयास किया।
हालांकि आहट मिलने पर घर वालों ने उसे दबोच लिया। उधर सिंगाही पुलिस ने चोरी कर सामान बेचने ले जा रहे युवक को दबोच लिया है। शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी बाबी के घर में बुधवार की रात चोर घुस गए और चोरी करने का प्रयास किया।
आहट होने पर परिवार के लोग जाग गए और उसे घेरकर पकड़कर सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली सदर लाई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
उधर थाना सिंगाही क्षेत्र के हरद्वाही बाजार चौराहा पर बुधवार की रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर छत के रास्ते डा संजय वर्मा की क्लीनिक पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर इन्वर्टर, बैटरा सहित हजारों का सामान चोरी कर लिया।
क्लीनिक की छत पर किराए पर कमरा लेकर रह रहे गन्ना विकास विभाग के कर्मचारी लक्ष्मी कांत के आवास का ताला तोड़कर लैपटाप आदि सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं बेखौफ चोरों ने पड़ोस में शिक्षक के आवास का भी ताला तोड़ दिया। घटना की जानकारी सुबह तब हुई जब डा संजय वर्मा अपनी क्लीनिक पर पहुंचे।
दरवाजा टूटा देख उनके होश उड़ गए। वह जब अंदर घुसे तो क्लीनिक में रखा सामान गायब मिला। किरायेदारों के कमरों का भी ताला टूटा मिला। चोरी की जानकारी होते ही मौके पर तमाम व्यापारियों की भीड़ जुट गई। डा संजय वर्मा ने घटना की सूचना एसओ जेबी सिंह को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। एसओ ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और खुलासे के लिए एक टीम गठित की। बताते है कि गुरुवार की सुबह एक युवक चोरी किया गया इन्वर्टर और बैटरा बेचने निघासन पहुंच गया।
वह सामान बस से नीचे उतार ही रहा था कि इसी बीच पहुंची पुलिस ने उसे दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी वीरू चौहान ग्राम हरद्वाही का निवासी है। उसने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने ही हफ्ते भर पहले इसी चौराहा के आसपास छह घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ कर रही है।
कोहरा और सर्दी पुलिस गश्त पर पड़ रही भारी
लखीमपुर खीरी। तराई में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घने कोहरे की चादर भी शाम होते तन जाती है। सर्दी अधिक होने के कारण लोग रजाई के गर्म लिहाफ में सिर ढककर सो जाते है। घर के अंदर कोन आया और गया उन्हें पता तक नहीं चल पाता है। ऐसे में घना कोहरा भी काफी मददगार साबित होता है। घने कोहरे के कारण नजदीक का व्यक्ति भी नहीं दिखाई पड़ता है। यही वजह है की जाड़ों के महीने में चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी गांव हरद्वाही का रहने वाला वीरू है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। क्षेत्र में गस्त व्यवस्था और बढ़ाई गई है।
-जेबी सिंह, एसओ सिंगाही
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: पुलिसकर्मियों के धक्के से चल रही कोतवाली सदर की जीप, वीडियो वायरल
