Farrukhabad News: मकर संक्रांति पर होगा शाही स्नान.. ..पांचाल घाट पर लाखों दीप जलाकर संत महात्मा मनाएंगे दिवाली..

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद में मेला राम नगरिया में मकर संक्रांति पर शाही स्नान होगा।

फर्रुखाबाद में गंगा तट पांचाल घाट पर लगे मेला रामनगरिया में मकर संक्रांति पर शाही स्नान को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। गंगा तट पांचाल घाट पर लगे मेला रामनगरिया में मकर संक्रांति पर शाही स्नान को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गंगा तट पर पीएसी के तैराक जवान तैनात रहेंगे। इसके साथ ही गोताखोरों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

मेला प्रबंधक संदीप दीक्षित बताते हैं कि कल यहां सबसे शाही स्नान होने जा रहा है, जिसको लेकर गंगा नदी में बैरिकेडिंग कर दी गई है। जगह-जगह इंडिकेटर लगाकर स्नान करने वालों को सचेत किया गया है कि वह इसके बाहर अगर जाते हैं तो गहरे पानी में समा सकते हैं। मेला प्रबंधक का कहना है कि गंगा नदी पर वोट से पीएसी के तैराक जवान भ्रमण करेंगे।

इसके अलावा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शाही स्नान के समय भारी भीड़ होने की वजह से खुफिया विभाग भी असामाजिक तत्वों पर नजर  रखेगा। इसके अलावा जूना अखाड़े के संतों द्वारा निकाली जाने वाली शोभा यात्रा के लिए प्रत्येक मार्ग पर स्वागत द्वार बनाए गए हैं। जगह-जगह शोभा यात्रा का स्वागत किया जाएगा।

मेला प्रबन्धक दीक्षित ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गंगा घाट पर अखंड रामायण का पाठ शुरू करा दिया गया है। जिसका समापन कल मकर संक्रांति पर होगा। पाठ के समापन के बाद मेले में आने वालों को खिचड़ी भोज कराया जाएगा।

22 को संत महात्मा मनाएंगे दिवाली

मेला प्रबन्धक ने बताया कि 22 जनवरी को भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के समय संत महात्मा पांचाल घाट पर जय श्री राम का उद्घोष कर महाआरती करेंगे। मेले में पूरे दिन भजन कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। 22 जनवरी का दिन उसी तरह मनाया जाएगा जैसे लंका जीत कर अयोध्या आने पर दिवाली मनाई गई थी, जिसकी तैयारी कल मकर संक्रांति से शुरू कर दी जाएगी।

मेले में आने वालों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से जगह जगह अलाव जलवाए जायेगें। कल शाही स्नान के लिए सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मेले में अस्थाई कोतवाली चालू कर दी गई है।

संत समाज मेला राम नगरिया के अध्यक्ष मोहन दास ने बताया कि मकर संक्रांति पर गंगा स्नान करने से बहुत बड़े फल की प्राप्त होती है। इस वजह से संत महात्मा पहला स्नान मकर संक्रांति से शुरू करते हैं। अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी के पल से संत महात्मा भजन कीर्तन प्रारम्भ करेंगे। 22 जनवरी को गंगा तट पांचाल घाट लाखो दीपों से जगमगाएगा।

यह भी पढ़ें- Weather Forecast Kanpur: रात में शहर ठिठुरा… दिन में घना कोहरा, मौसम विभाग का ये है अनुमान

संबंधित समाचार