नैनीताल: जंगल में घास लेने गई महिला को हाथी ने रौंदा
नैनीताल। उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग के देचोरी रेंज में बुधवार को एक महिला को टस्कर हाथी ने मौत के घाट उतार दिया। घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार देंचैरी रेंज के अंतर्गत कोटाबाग के बागजाला गांव निवासी जसवंत सिंह मेहरा की पत्नी विशना देवी …
नैनीताल। उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग के देचोरी रेंज में बुधवार को एक महिला को टस्कर हाथी ने मौत के घाट उतार दिया। घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार देंचैरी रेंज के अंतर्गत कोटाबाग के बागजाला गांव निवासी जसवंत सिंह मेहरा की पत्नी विशना देवी (55) गांव की महिलाओं के साथ जंगल में घास लेने गयी थी। इसी दौरान टस्कर हाथी ने महिला पर हमला कर दिया।
हाथी के चंगुल से बचकर निकलीं महिलाओं ने ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। बताया जाता है कि हाथी ने महिला के सीने पर पांव से प्रहार किया जिससे उसकी घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गयी। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। काफी देर तक महिलायें मौके पर डटी रहीं। प्रभागीय वनाधिकारी चंद्र शेखर जोशी व अन्य अधिकारी मौके पर जुटे और आक्रोशित लोगों को शांत किया। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया।
