Kanpur News: झारखंड के युवक के साथ बदमाशों ने की लूटपाट, सड़क पर मरणासन्न हालत में छोड़कर भागे, मौत...
कानपुर में बदमाशों ने झारखंड के युवक की हत्या कर दी।
कानपुर में कुछ बदमाशों ने झारखंड के एक युवक के साथ लूटपाट की। नकदी समेत उसके कपड़े तक लूट लिए। फिर सड़क पर छोड़कर भाग गए, जिससे उसकी मौत हो गई।
कानपुर, अमृत विचार। अपने रिश्तेदार से मिलने रांची से दिल्ली जा रहे युवक को बदमाशों ने अपना शिकार बना लिया। बदमाशों ने युवक को जमकर मारापीटा इसके बाद नकदी समेत शरीर पर पहने कपड़े तक लूट लिए। अपराधी उन्हें मरणासन्न हालत में सड़क पर फेंककर भाग निकले। रात भर सड़क किनारे पड़ा होने के कारण उसकी सांसे थम गईं। पुलिस को युवक के सिर पर गहरे और पैर पर चोटों के निशान मिले हैं। थाना पुलिस ने मृतक के पास से मिली एक पर्ची के आधार पर परिजनों को सूचना दी। युवक के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक की शिनाख्त की।
झारखंड के जिला खूंटी थाना मुर्हू के कुड़की मुर्हू कोराकेल निवासी फिलिपसोय का 40 वर्षीय पुत्र थोमस सोय शुक्रवार को रांची से दिल्ली अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहा था। मृतक थोमस सोय की पत्नी असरीता सोय ने बताया कि कलक्टरगंज पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह उनके भाई के घर दिल्ली जा रहे थे। बताया कि सोमवार तक उनकी पति से बात हुई। लेकिन मंगलवार को उनका फोन लगना बंद हो गया।
उनके अनुसार वह घबराकर पास के पुलिस स्टेशन पहुंची। महिला के अनुसार जहां पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लोकेशन कानपुर में होना बताया। वह लोग आने के लिए तैयारी कर ही रहे थे कि मंगलवार को कलक्टरगंज पुलिस ने उन लोगों को 52 दुकान मोहल्ले सुरसा मंदिर के पास शव पड़े मिलने की की जानकारी दी। उन लोगों ने बताया कि शव के पास से तलाशी में एक पर्ची मिली जिसमें दो नंबर लिखे थे।
जिसके बाद वह मढई होली, बक्सीडीह सिकीदीरी निवासी अपने भांजे जूलियस वाण्डो, पिता लोटेंस वाण्डो के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शिनाख्त पति के रूप में की। जिसके बाद पत्नी पति को देखते हुए रोने बिलखने लगी।
1500 रुपये, बैग और कपड़े तक उतार ले गए
मृतक थोमस सोय की पत्नी असरीता सोय ने बताया कि वह घर से जब निकले थे तो उनके पास 1500 रुपये, एक बैग था। जिसमें कपड़े और अन्य कागज आदि थे। पत्नी ने गंभीर आरोप लगाया कि बदमाशों ने उन्हें कलक्टरगंज में जमकर किसी भारी चीज से मारापीटा होगा जिसके कारण सिर और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं। यहां तक की बदमाशों ने उनके शरीर पर पहने कपड़े, जैकेट, टोपा तक लूट लिए इसके बाद उन्हें इतनी सर्दी में मरने के लिए सड़क पर छोड़ दिया। जिससे उनकी मौत हो गई।
घंटाघर चौराहे से लग जाते हैं बदमाश और लुटेरे
सेंट्रल स्टेशन के बाहर घंटाघर चौराहे से बस अड्डे और रेल से आने वाले यात्रियों के पीछे अक्सर बदमाश, लुटेरे लग जाते हैं। होटल और खाने की व्यवस्था की बात बताते हुए वह उन्हें अपना शिकार बना लेते हैं। दिन में तो हालांकि, काफी चहलपहल रहती है, लेकिन रात होते ही इनसे नया बंदा बच नहीं सकता है। पूर्व में भी कई शातिर अपराधी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। यह हाल तब है जब चौराहे के पास एक चौकी नयागंज और थाना कलक्टरगंज है।
युवक का शव पड़ा मिला था। वह शराब के लती थी, उन्हें मिर्गी भी आती थी। युवक घर पर काम करने की बात कहकर निकला था। सूचना पर मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो उसके पास एक पर्ची मिली थी। जिसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। मृतक की पत्नी ने शिनाख्त कर ली है। लूटपाट की बात गलत है, उसका सामान ट्रेन में ही छूट गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी। -सच्चिदानंद, कलक्टरगंज, इंस्पेक्टर
यह भी पढ़ें- Unnao News: अलग-अलग सड़क हादसों में युवक समेत चार की मौत, महिला समेत दो की हालत गंभीर...
