रुद्रपुर: भीड़ के उग्र तेवर देख बैकफुट पर आयी आवास विकास पुलिस
रुद्रपुर, अमृत विचार। 22 जनवरी की दोपहर को निर्धारित रूट को लेकर शोभायात्रा के आयोजक और आवास विकास पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। काफी देर तक हुई जद्दोजहद के बाद आखिरकार पुलिस को बैकफुट पर आना पड़ा और पुलिस ने आगे जाने की अनुमति दी। पुलिस के इस रुकावट को लेकर शोभायात्रा में शामिल भीड़ ने उग्र तेवर दिखाए।
सोमवार को ट्रांजिट कैंप इलाके से राधा गोविंद समिति और विवेकानंद क्लब की ओर से अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। जो सिडकुल ढाल से होते हुए जगतपुरा मार्ग से जैसे ही आवास विकास चौकी तिराहे पर पहुंची तो आवास विकास चौकी प्रभारी अरविंद बहुगुणा सहित पुलिस बल ने शोभायात्रा को रोक दिया। पुलिस का कहना था कि शोभायात्रा के रविंद्र नगर मुख्य मार्ग पर जाने से यातायात बाधित हो सकता है, जबकि शोभायात्रा की अनुमति मार्ग आवास विकास का इलाका है।
वहीं आयोजकों का कहना था कि अनुमति में साफ तौर पर लिखा है कि ट्रांजिट कैंप से यात्रा रविंद्र नगर मुख्य मार्ग से होते हुए किच्छा बाईपास से कैप के अंदर प्रवेश करेगी। इस दौरान आयोजित और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक होने शुरू हुई। इससे शोभायात्रा में मौजूद भीड़ का पारा चढ़ गया और भीड़ ने हंगामा करना शुरू कर दिया। भीड़ के उग्र तेवर देख आखिरकार पुलिस को बैकफुट पर आना पड़ा और पुलिस सुरक्षा में शोभायात्रा को रविंद्र नगर मार्ग से निकाली गयी। वहीं पुलिस टीम द्वारा बेवजह शोभायात्रा को रोकने को लेकर आयोजकों में नाराजगी देखने को मिली ।
