गोंडा में बिगड़ा मौसम, बारिश ने बढ़ाई ठंड-ओले गिरने की संभावना

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

रविवार को दिन भर रुक रुक कर होती रही बरसात

गोंडा, अमृत विचार। तीन दिन तक गुनगुनी धूप के बाद रविवार को मौसम का मिजाज अचानक फिर से बिगड़ गया। रविवार को रुक रुक कर बारिश होती रही और आसमान में बादल छाए रहे। बदली और बारिश के चलते पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इस बारिश से ठंड एक बार फिर से बढ़ गयी है। छुट्टी का दिन और मौसम की खराबी से लोगों ने बाहर निकलने से परहेज किया तथा अपने घरों में रहे। मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय से टकराने के कारण बनी है। अनुमान है कि अगले दो दिनों तक यही स्थिति रहेगी। आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बरसात भी होती रहेगी। हालांकि 6 फरवरी से मौसम साफ हो जायेगा। 

जनवरी महीने की कड़ाके की ठंड के बाद फरवरी के पहले तीन दिन गुनगुनी धूम खिली थी। इससे ठंड से बेहाल लोगों को काफी राहत‌ मिली थी, लेकिन रविवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदल गया। रविवार की सुबह से ही बरसात शुरू हो गयी जो दिन भर रुक रुक कर होती रही। इस बारिश के चलते समाप्ति की ओर बढ़ चली ठंड एक बार फिर से वापस आ गयी। आसमान में छाए बादलों के कारण दिन भर सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। हालांकि इस बारिश ने एक बार फिर से ठंड बढ़ा दी है। बरसात और ठंड के कारण रविवार को लोग घरों में ही रहे। छुट्टी का दिन होने के कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम रही।

5 - 2024-02-04T135937.051

मौसम विशेषज्ञों की माने तो पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय से टकराव के कारण मौसम में यह स्थिति बनी है‌। इस कारण 5 फरवरी तक‌ मौसम इसी तरह रहेगा। हालांकि बारिश की गतिविधियां लंबे समय तक नहीं रहेगी। 5 फरवरी से बारिश की तीव्रता काफी कम हो जाएगी और 6 फरवरी तक शुष्क मौसम वापस आ जाएगा। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। बारिश के साथ साथ ओले भी गिरने की संभावना जतायी जा रही है। 

ओले पड़े तो तिलहनी फसलों को होगा नुकसान
अमृत विचार: बारिश के साथ ओले गिरने की मौसम विभाग की चेतावनी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि अगर ओले गिरे तो सरसो, मसूर, मटर, चना, आलू समेत सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचेगा‌। सरसों तो पूरी तरह से नष्ट हो जायेगी, क्योंकि इस समय सरसो की फसल तैयार होने की कगार पर है। अधिकतर किसानों के सरसो की फसल फूल लेने के बाद अब उसमें फली लग चुकी है। अगर ओले गिरते हैं तो फलियां टूटकर बिखर जायेंगी।

ये भी पढ़ें -UP Board exam 2024 : संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेगी एलआईयू, योगी सरकार ने की तैयारी

संबंधित समाचार