हल्द्वानी: दंगाई गौला और जंगल से फरार, बनभूलपुरा में 100 से ज्यादा गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मलिक का बगीचा में पथराव, अगजनी और थाना फूंकने के बाद पुलिस ने इलाके से जले वाहनों को हटाया, गलियां साफ की और शनिवार को पूरे दलबल के साथ बनभूलपुरा में दंगाइयों की तलाश शुरू कर दी। सर्च अभियान चलते ही बनभूलपुरा में भगदड़ मच गई। जो बनभूलपुरा से निकलने में कामयाब हुए, वो गौला नदी और जंगल के रास्ते फरार हो गए। बावजूद इसके पुलिस ने करीब 100 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 

पैरी मिलिट्री और पीएसी के साथ पुलिस दोपहर बनभूलपुरा में सर्च अभियान की शुरुआत थी। पुलिस पत्थरबाजों की तलाश कर रही थी। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमें बना कर एक साथ सर्च अभियान चलाया। इस कार्रवाई के पहले ही पुलिस ने 50 से अधिक ऐसे लोगों को चिह्नित कर लिया था, जिन पर पुलिस को शक था और सबसे पहले इन्हीं संदिग्धों के घर पर दबिश दी गई।

पुलिस की घर-घर सर्च अभियान से बनभूलपुरा में भगदड़ मच गई। वायरल लेस पर पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग गौला नदी और जंगल के रास्ते भाग रहे हैं। जिसके बाद एक टीम को गौला नदी और जंगल की ओर भी रवाना कर दिया गया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने सर्च अभियान के दौरान करीब सौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

इधर, बनभूलपुरा में रहने वालों ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाया। इंद्रानगर छोटी लाइन निवासी सलीम का कहना है कि दोपहर के वक्त महिला व पुरुष पुलिस बल उनके घर में घुसी, तोड़फोड़ की और उनकी पत्नी रिजवाना, बेटियां शहीना व शमरीन को पीटा। जिसमें दोनों बेटियों के हाथ फ्रैक्चर हो गए। दोनों को निजी अस्पताल लाया गया। यहां बेटे मो.कैफ के साथ पहुंची शहाना ने भी पुलिस पर आरोप लगाया।

छतें फांद तंग गलियों से भाग निकले लोग
हल्द्वानी : इंटरनेट तो बंद था, लेकिन फोन पर कॉल करने की व्यवस्था सुचारू थी। इधर, जैसे पुलिस की बनभूलपुरा में दबिश शुरू हुई तो लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर दबिश की सूचना देनी शुरू कर दी। जिसके बाद इलाके में भगदड़ मच गई। इलाके से सबसे पहले युवा भागे। कुछ छत फांद कर दूसरी गलियों तक पहुंचे तो कुछ परिवार सहित घर में ताला लगाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागने वालों में अधिकांश लोग किराएदार थे। अब पुलिस इनके बारे में भी जानकारी जुटा रही है। 

नामजदों के नाम दर्ज असलहे तलाश रही पुलिस
हल्द्वानी : एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि जिन लोगों को मुकदमों में नामजद किया गया है, उनके नाम पर जारी असलहों की जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जानकारी जुटाने के बाद सभी के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। जानकारी मिली है कि लाइसेंसी असलहों के साथ क्षेत्र में बड़ी संख्या में गैर लाइसेंसी असलहे हैं। इन असलहों की तलाश में घरों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। 

संबंधित समाचार