सीतापुर: प्रसव के बाद मृत बच्चा देने पर परिजनों का हंगामा, स्टॉफ पर गंभीर आरोप
परिजनों ने अस्पताल स्टॉफ पर 50 हजार रुपये सुविधा शुल्क मांगने का लगाया आरोप, सीएमएस बोली- डीएनए रिपोर्ट खोलेगी राज, परिवार के आरोप निराधार
सीतापुर,अमृत विचार। कोतवाली नगर इलाके में गुरुवार की सुबह जिला महिला अस्पताल में बच्चा बदलने का आरोप लगाकर परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। बुधवार की रात बच्चे की मौत सूचना पर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर रुपये मांगने का आरोप लगाकर मृत बच्चे को सौंपने की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने देर रात बच्चे को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी थी। गुरुवार की सुबह फिर परिजनों ने बच्चा बदलने और 50 हजार रुपये का सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाकर हंगामा काटा। जानकारी के अनुसार,जिला महिला अस्पताल फिर सुर्खियों में नजर आया है।
जानकारी के अनुसार,लखीमपुर जिले के ऑयल इलाके की निवासिनी कल्पना देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 19 फरवरी को महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। पति रवि कुमार का आरोप है कि 20 फरवरी को कल्पना ने स्वस्थ्य बच्चे को जन्म दिया। बावजूद इसके अस्पताल स्टॉप ने बच्चे में कमी बताकर उसे एनआरसी वार्ड में मां से दूर रखा।
परिजनों का कहना है कि बच्चा दिखाने की कई बार अस्पताल स्टॉप से मिन्नतें की गई लेकिन स्टॉफ ने अनसुना कर दिया। बुधवार को अचानक डॉक्टरों ने सूचना दी कि आपके बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत की सूचना पर परिजनों ने अस्पताल स्टॉफ से कहासुनी के बाद बुधवार रात ही कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की गहनता से तफ़्तीश के लिए बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल में हुए हंगामे के बाद अस्पताल स्टॉफ एक बार फिर सवालों के घेरे में आ चुका है। बच्चे के डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपो से पर्दा हट सकेगा।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: किशोरी को बेचने के लिए ले जा रहे थे शिमला, एसएसबी ने पकड़ा
