Chitrakoot: बोलेरो में बैठाकर यात्रियों को ठगते थे टप्पेबाज...चार आरोपियों से जेवर, नगदी और असलहे बरामद
चित्रकूट में लोगों को ठगने वाले चार टप्पेबाज गिरफ्तार
चित्रकूट, अमृत विचार। वाहन में बैठाकर यात्रियों के सामान से चोरी करने वाले टप्पेबाजों के गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर इनसे जेवर, नगदी और अवैध असलहे बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने रविवार को पत्रकारों को इसकी जानकारी दी। सभी प्रयागराज जिले के निवासी हैं।
एसपी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक राजापुर मनोज चौधरी ने मुखबिर की सूचना पर 17 मार्च की सुबह साढ़े पांच बजे के आसपास राजापुर स्थित छीबो मोड़ से लालता रोड की ओर से आ रही बोलेरो से चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनकी तलाशी लेने पर तमंचे-कारतूस और मोबाइल बरामद किए गए। कार की डैशबोर्ड से सोने-चांदी के जेवर और 4000 रुपये बरामद हुए।
एसपी ने बताया कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई तो बताया कि वे लोगों को बोलेरो में बैठाकर उनके बैग आदि से सामान चोरी कर लेते हैं। गिरोह का सरगना संजय पटेल है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने लालता रोड पर एक दंपति को बैठाया था और उसके बैग से गहने चुराए थे।
इनको बेचने पर 80,000 रुपये मिले थे। फरवरी में राजापुर चौराहे के पास से एक दंपति को बैठाया था और आभूषण चुराए थे, जिनको बेचने बांदा जा रहे थे। बताया कि बोलेरो राजेश कुमार पुत्र राजकरन निवासी करछना (प्रय़ागराज) की है। इसे वे लोग मासिक किराये पर लिए हैं।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- राजा पटेल (32) पुत्र रामलल्लन निवासी करछना (प्रयागराज)
- गुड्डू उर्फ मो. कासिम पुत्र मो. शफीक निवासी जसरा, थाना घूरपुर (प्रयागराज)
- प्रेमचंद्र भारती पुत्र कमलेश कुमार निवासी रेही थाना बारा (प्रयागराज)
- संजय पटेल पुत्र उदयराज निवासी रेही थाना बारा (प्रयागराज)
