UP Board Exam 2024: मास्साब पास कर दीजिए, शादी कैंसिल हो जाएगी...यूपी बोर्ड की कापियां देखकर शिक्षक भी हो रहे हैरान
फतेहपुर में यूपी बोर्ड कापियों के मूल्यांकन में नोट व गुजारिश निकल रहे
फतेहपुर, अमृत विचार। यूपी बोर्ड की कापियों का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। यूपी बोर्ड की कापियों को जांचने में परीक्षकों को कापी में कोई फेल होने पर शादी कैंसिल हो जाने की दुहाई देते हुए मास्साब से पास करने के लिए गुजारिश की जा रही है तो वहीं कई कापियों में नोट मिल रहे हैं, कि पास कर दिया जाए। अब तक जिले के चार मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की करीब डेढ लाख से अधिक कापियां जांची जा चुकी हैं।
जिले के दो केन्द्रों में इंटरमीडियट तो दो ही केन्द्रों में हाईस्कूल की कापियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। इंटरमीडियट में दोनों केन्द्रों को प्राप्त एक लाख 67 हजार 635 कापियों के सापेक्ष 60 हजार 897 कापियों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। अभी भी 98 हजार 154 कापियां शेष हैं। बुधवार को राजकीय इंटर कालेज में 12590 कापियां चेक की गईं।
इसी तरह से राजकीय बालिका इंटर कालेज में 10711 कापियों का मूल्यांकन परीक्षकों ने किया। ऐसे ही हाईस्कूल में दोनों केन्द्रों को प्राप्त 2 लाख 51 हजार 563 कापियों के सापेक्ष 1 लाख 11 हजार 196 कापियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। हाईस्कूल में 1 लाख 40 हजार 367 कापियों का मूल्यांकन शेष है। बुधवार को हाईस्कूल के एएस इंटर कालेज में 12527 कापियों का मूल्यांकन किया गया।
इसी तरह से सदाशिव इंटर कालेज रेलबाजार में 20294 कापियां चेक हुईं। केन्द्रों से मिली जानकारी के अनुसार परीक्षार्थी पास होने के लिए पन्नों में तरह तरह की गुजारिश लिख रहे हैं तो वहीं कई कापियों में नोट भी नत्थी मिल रहे हैं। जिसके तहत छात्र-छात्राओं ने भावनात्मक गुजारिश लिख कर मास्साब से पास करने की दुहाई लिखे है।
ये भी पढ़ें- Banda Crime: केसीसी लोन पास कराने पर मिलने वाले कमीशन को लेकर हत्या...चार आरोपी गिरफ्तार
