बरेली: किसान संतोष के हत्यारोपी पांच पुलिसकर्मियों समेत छह की जमानत मंजूर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

8 नवंबर 2023 को पुलिसकर्मियों पर संतोष की पिटाई का है आरोप

बरेली, अमृत विचार। भमोरा थाना क्षेत्र में किसान संतोष की हत्या मामले में पांच पुलिसकर्मियों दरोगा टिंकू कुमार, सिपाही अंकित, दीपक, पुष्पेंद्र राणा, मनोज और एम्बुलेंस चालक विजय की जमानत अर्जी त्वरित न्यायालय ने सशर्त मंजूर कर ली। सभी आरोपियों को एक-एक लाख के निजी बंधपत्र और इतनी ही रकम के दो-दो जमानती पेश करने पर रिहा किया जाएगा।

वादी मुकदमा कृष्ण कुमार शर्मा ने 10 नवम्बर 2023 को थाना भमोरा में एम्बुलेंस चालक विजय, एसआई टिंकू कुमार, एसआई नेपाल सिंह, सिपाही दीपक, पुष्पेंद्र राणा, मनोज और अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 नवम्बर 2023 की रात 9ः30 बजे उनके भाई संतोष शर्मा खेत से वापस आ रहे थे। रास्ते में कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। पुलिस चौकी सरदारनगर, थाना भमोरा के पुलिसकर्मी चाढ़पुर निवासी एम्बुलेंस चालक विजय के साथ जुआरियों को पकड़ने के लिए आये थे। 

इस दौरान जुआरी भाग गए लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनके भाइयों को पकड़ लिया। जुआरियों के नाम न बताने पर दरोगा टिंकू कुमार और नेपाल सिंह ने अन्य पुलिसकर्मियों और विजय ने भाई की लात-घूंसों और राइफल की बट से पिटाई की थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उनके भाई संतोष की मौत हो गई थी। वहीं बचाव पक्ष के अधिवक्ता भूपेंद्र भड़ाना ने तर्क दिया कि मृतक की मौत पुरानी बीमारी के कारण हुई है। ज्ञात हो कि सभी आरोपी तीन फरवरी से जिला कारागार में बंद हैं। सभी ने गैर जमानती वारंट जारी होने पर सीजेएम कोर्ट में सरेंडर किया था।

ये भी पढे़ं- बरेली: यूपी बोर्ड का मूल्यांकन तेज, अब तक जांची गईं साढ़े चार लाख से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाएं

संबंधित समाचार